Farmer Leader Torture Allegations: यह वीडियो मेरठ के तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडे और सिविल लाइन इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ पर लगे बर्बरता और मारपीट के गंभीर आरोपों से संबंधित है। वीडियो में ललिता गौतम हत्याकांड में जेल भेजे गए किसान नेता दिग्विजय भाटी बेहद घायल अवस्था में दिखाई दे रहे हैं, जिनकी एक आंख पूरी तरह सूजी हुई है।
दिग्विजय भाटी का आरोप है कि एसएसपी ने उन्हें बातचीत करने के बहाने अपने कार्यालय बुलाया था, लेकिन वहां पहुंचते ही उन्हें एक केबिन में ले जाकर बुरी तरह पीटा गया। भाटी के अनुसार, एसएसपी ने उनके चेहरे पर लात मारी, जिससे उनकी आंख गंभीर रूप से चोटिल हो गई। इसके बाद इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ उन्हें SOG कार्यालय ले गए, जहां उन्हें उल्टा लटकाकर थर्ड डिग्री टॉर्चर दिया गया।
भाटी का दावा है कि वे ललिता गौतम मामले में पूरी तरह निर्दोष हैं और घटना के समय नोएडा-गाजियाबाद में थे। वे खुद को बीबीए, एमबीए, एमफिल, पीएचडी और एलएलबी डिग्री धारक बताते हुए पुलिस पर फर्जी मामले में फंसाने का आरोप लगा रहे हैं।