Kailash Vijayvargiya Viral Video: मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एक महिला नेता पर विवादित टिप्पणी करने को लेकर नए सियासी बवंडर में फंस गए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में विजयवर्गीय मंच से अपनी ही पार्टी की महिला पार्षद संध्या यादव की शारीरिक बनावट को लेकर टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है और कांग्रेस को बीजेपी पर पलटवार करने का बड़ा मौका मिल गया है।
इससे पहले बीजेपी इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री किए जाने को लेकर कांग्रेस पर हमलावर थी और उसे संस्कारहीनता बता रही थी, लेकिन अब खुद उसके अपने ही मंत्री बॉडी शेमिंग के आरोपों में घिर गए हैं। कांग्रेस नेताओं ने इसे महिलाओं के सम्मान से जोड़ते हुए कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मुख्यमंत्री मोहन यादव से उन्हें तुरंत कैबिनेट से बर्खास्त करने की मांग की है। वहीं, बीजेपी इस मामले पर बचाव की मुद्रा में नजर आ रही है। दोनों ही दल एक-दूसरे पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने और संस्कारों की कमी का आरोप लगा रहे हैं।