UP Illegal Mazar Demolished: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शासन और प्रशासन के निर्देश पर अवैध निर्माण के खिलाफ एक बड़ा एक्शन लिया गया है। यूपीसीडा (UPSIDA) के पॉकेट C8 में बने एक अवैध मजार के ढांचे को बुलडोजर की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह मजार साल 2001 में महज एक छोटे चबूतरे के रूप में शुरू हुई थी, लेकिन साल 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान चोरी-छिपे इसका विस्तारीकरण कर एक बड़ी स्थाई बिल्डिंग खड़ी कर दी गई। इस अवैध निर्माण को हटाने के लिए प्रशासन ने बेहद सख्त रुख अपनाया।
किसी भी तरह के विरोध या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर करीब 1000 पुलिसकर्मियों का भारी बल तैनात किया गया था, जिसमें 3 एसीपी, 7 थाना प्रभारी और पीएसी की दो कंपनियां शामिल रहीं। प्रशासन का कहना है कि ध्वस्तीकरण के बाद अब भू-माफिया कानून के तहत आगे की सख्त नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।