EPS 95 Minimum Pension Update: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज की 240वीं बैठक में ईपीएस-95 के तहत पेंशन पाने वाले बुजुर्गों को बड़ी निराशा हाथ लगी है। नई दिल्ली में हुई इस बैठक से पेंशनर्स को न्यूनतम मासिक पेंशन बढ़ाने की उम्मीद थी, लेकिन बैठक बिना किसी नई घोषणा के समाप्त हो गई। फिलहाल पात्र पेंशनर्स को पुराने नियमों के अनुसार ₹1,000 की न्यूनतम मासिक पेंशन ही मिलती रहेगी। कर्मचारी संगठन और पेंशनर्स लंबे समय से महंगाई, दवाइयों और रोजमर्रा के खर्चों का हवाला देते हुए न्यूनतम पेंशन बढ़ाकर ₹3,000 या ₹7,500 करने की मांग उठा रहे हैं, क्योंकि मौजूदा रकम को वे बेहद कम मानते हैं। हालांकि, बैठक में इन प्रस्तावों पर कोई आधिकारिक मंजूरी नहीं मिल सकी है।
पेंशन में बढ़ोतरी के लिए सरकारी स्तर पर मंजूरी और आवश्यक वित्तीय व्यवस्था की जरूरत होती है, इसलिए पेंशनर्स का इंतजार अभी और लंबा खिंच सकता है। इस फैसले के बाद बुजुर्गों के सामने रिटायरमेंट के बाद के खर्च और सम्मानजनक गुजारे को लेकर चिंता बरकरार है, जबकि सभी की नजरें अब सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।