MP Students Struggle In Rain: मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले के ग्राम सरई में स्कूली बच्चों और शिक्षकों को हर साल बारिश के मौसम में एक बेहद गंभीर समस्या का सामना करना पड़ता है। यहाँ के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और पीएम श्री विद्यालय तक जाने वाला कच्चा रास्ता बारिश के आते ही पूरी तरह से दलदल में तब्दील हो जाता है।
इस कीचड़ से भरी राह से रोज छठवीं से बारहवीं कक्षा के लगभग 400 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को मजबूरन आना-जाना पड़ता है। अत्यधिक फिसलन के कारण बच्चे अक्सर रास्ते में गिर जाते हैं, जिससे उनके कपड़े, स्कूल बैग और पुस्तकें कीचड़ से पूरी तरह खराब हो जाते हैं। कई बार बच्चों को पूरे दिन भीगे कपड़ों में ही स्कूल में रहना पड़ता है, जिससे उनके बीमार होने का भी खतरा बना रहता है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि साल 2017 से लेकर वर्तमान वर्ष 2026 तक बच्चे इस नारकीय स्थिति से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन द्वारा कोई सुनवाई नहीं की गई है। त्रस्त छात्रों, शिक्षकों और ग्रामीणों की जिला प्रशासन से बस यही मांग है कि इस कीचड़ भरे मार्ग से मुक्ति दिलाने के लिए जल्द से जल्द पक्की सड़क का निर्माण किया जाए।