Odisha Cyclone Alert: मुरासु के भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने के बाद ओडिशा सरकार ने संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में 'मुरासु' के एक भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने के बाद, ओडिशा सरकार ने सोमवार को संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम तेज कर दिया है। तूफान के पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा बुलेटिन में बताया कि भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। यह चेन्नई (तमिलनाडु) से पूर्व-उत्तर-पूर्व में लगभग 200 किमी, नेल्लोर (आंध्र प्रदेश) से पूर्व-दक्षिण-पूर्व में 210 किमी, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में 270 किमी, कावली (आंध्र प्रदेश) से पूर्व-दक्षिण-पूर्व में 220 किमी और ओंगोल (आंध्र प्रदेश) से दक्षिण-पूर्व में 260 किमी दूर स्थित है। इस तूफान के असर से दक्षिणी ओडिशा में भारी बारिश होने की संभावना है।