Pakistan Balochistan Conflict News: रक्षा विशेषज्ञ मेजर जनरल राजन कोचर ने नवभारतलाइव की टीम के साथ बलूचिस्तान की आजादी के दावों और उसके ऐतिहासिक एवं रणनीतिक पहलुओं का गहराई से विश्लेषण किया है। उन्होंने बताया कि बलूचिस्तान की कुल आबादी में 36% पश्तून और 52% बलूच शामिल हैं। इस पर ईरान और अफगानिस्तान की सीमाओं का गहरा प्रभाव है। ऐतिहासिक रूप से देखा जाए तो 11 अगस्त, 1947 को कलात की रियासत ने ब्रिटिश हुकूमत से अपनी स्वतंत्रता घोषित की थी, लेकिन 27 मार्च, 1948 को पाकिस्तान ने इस पर जबरन सैन्य कब्जा कर लिया था।
यही कारण है कि बलूचिस्तान 11 अगस्त को अपना वास्तविक स्वतंत्रता दिवस मानता है। हाल ही में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) द्वारा पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर किए गए घातक हमलों के बाद पाकिस्तानी सेना ने 'ऑपरेशन रद्द-उल-फितना' शुरू किया। जनरल कोचर के मुताबिक, किसी भी स्वतंत्रता आंदोलन को अंतिम सफलता तभी मिलती है, जब उसे अंतरराष्ट्रीय मान्यता और वैश्विक स्तर पर कूटनीतिक बढ़त हासिल हो।