Agra Mazar Demolition: उत्तर प्रदेश के आगरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत एमजी रोड पर बनी दशकों पुरानी मजार पर प्रशासन का बुलडोजर चला है। आगरा की लाइफलाइन कहे जाने वाले इस व्यस्त मार्ग पर मेट्रो रेल का काम तेजी से चल रहा है। आगरा कॉलेज के सामने बीच सड़क पर स्थित हजरत रुस्तम शहीद शाह बाबा की इस मजार के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे थे और ट्रैफिक व्यवस्था भी बाधित हो रही थी। हाल ही में हिंदू संगठनों द्वारा मजार हटाने को लेकर अल्टीमेटम भी दिया गया था। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सुबह-सुबह कार्रवाई की गई।
अधिकारियों के मुताबिक, दरगाह कमेटी के मुतवल्लियों के साथ करीब 10 दिनों तक शांतिपूर्ण बातचीत की गई और आपसी सहमति के बाद मजार को सुरक्षित रूप से सामने ही दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है। इस कार्रवाई से मेट्रो परियोजना की राह आसान हो गई है।