Agra Baraat Clash: आगरा के जगनेर थाना क्षेत्र के नगला वीरभान गांव में एक दलित परिवार की शादी के दौरान डीजे पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का गाना बजाने को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बारात की चढ़त के वक्त करीब 20 से 25 लोगों ने बारात रोक दी, डीजे बंद करने का दबाव बनाया और विरोध करने पर दूल्हे को घोड़ी से गिराकर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला किया। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि महिलाओं से अभद्रता की गई, बाबा साहब की तस्वीर छीनकर कुचलने की कोशिश हुई और घर में घुसकर मारपीट की गई। घंटों तनाव के बीच सुबह किसी तरह शादी की रस्में और विदाई पूरी हो सकी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने थाने में सुनवाई न होने की शिकायत करते हुए वीडियो कॉल के जरिए सांसद चंद्रशेखर आजाद से संपर्क किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा गांव में शांति व्यवस्था कायम होने का दावा किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जा रही है।