Demand For Actor Imran To Leave India: बॉलीवुड एक्टर इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस जारी किए जाने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद गरमा गया है। इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी और विपक्षी दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।
पूरा मामला 10 अक्टूबर को हुए सीजेपी के प्रोटेस्ट से जुड़ा हुआ है। इसी दिन दिल्ली के साथ-साथ पूरे देश में सीजेपी प्रदर्शन कर रही थी। मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा था। इसी प्रदर्शन में इमरान खान भी शामिल हुए थे। इसके बाद भाजपा नेता किरीट सोमैया की शिकायत पर विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) ने उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया।
इस कार्रवाई का शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने विरोध किया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के कारण किसी व्यक्ति के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करना गंभीर मुद्दा है। वहीं, भाजपा की ओर से इमरान खान के खिलाफ कार्रवाई का समर्थन किया गया है। फिलहाल मुद्दा गरमाया हुआ है। इस मामले को लेकर एक्टर इमरान खान ने कोर्ट का रूख किया है।