8th Pay Commission Salary Hike Estimate: अमेरिकी ब्रोकरेज फर्म जेपी मॉर्गन की इंडिया इक्विटी स्ट्रैटेजी रिपोर्ट के मुताबिक, आठवें वेतन आयोग लागू होने पर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की मासिक आय में औसतन करीब 15,400 रुपये तक की बढ़ोतरी और औसत करीब 3,400 रुपये का एरियर मिलने का अनुमान जताया गया है। इस संभावित वेतन संशोधन का लाभ लगभग 1 करोड़ 20 लाख कर्मचारियों व पेंशनर्स को मिल सकता है, जिस पर वित्त वर्ष 2028 और 2029 के दौरान कुल भुगतान करीब 7,200 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। रिपोर्ट में सातवें वेतन आयोग के पैटर्न को आधार मानकर करीब 1.83 के फिटमेंट फैक्टर के हिसाब से गणना की गई है, जिससे मौजूदा 18,000 रुपये की न्यूनतम बेसिक सैलरी बढ़कर लगभग 33,000 रुपये हो सकती है।
मौजूदा 60 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) के नई बेसिक सैलरी में शामिल होने की धारणा के साथ वास्तविक वेतन लाभ करीब 14 प्रतिशत आंका गया है। दूसरी ओर, कर्मचारी संगठनों ने 3.83 फिटमेंट फैक्टर और सालाना इंक्रीमेंट 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 6 प्रतिशत करने की मांग रखी है। सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट मई 2027 के आसपास आने की उम्मीद है, जबकि अंतिम फैसला और भुगतान कार्यक्रम सरकार के स्तर पर तय होगा।