नाली के विवाद में दारोगा के घर से निकली राइफल, दो बेटों और पत्नी पर केस; Video

वाराणसी के जैतपुरा में नाली विवाद के दौरान दारोगा के बेटे ने पड़ोसी पर राइफल तान दी। घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने परिवार के 3 सदस्यों पर FIR दर्ज कर राइफल जब्त की।
बिना पेंट पहने आया दारोगा का बेटा, तान दी राइफल, वीडियो वायरल होते ही 3 लोगों पर मुकदमा दर्ज
दारोगा का बेटा और पत्नी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक मामूली नाली विवाद ने तब तूल पकड़ लिया जब फतेहपुर में तैनात दारोगा सुरेश यादव के बेटे ने पड़ोसी पर राइफल तान दी। पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हुआ और वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। अब दारोगा के दोनों बेटों और पत्नी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है, वहीं राइफल को जब्त कर लिया गया है और लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

घटना जैतपुरा थाना क्षेत्र के नक्खीघाट मोहल्ले की है। बताया गया कि दारोगा सुरेश यादव ने यहां नया मकान बनवाया है और शनिवार शाम उनके घर से निकला गंदा पानी पड़ोस में रहने वाली रंभा देवी के घर के पास जमा हो गया। जब उनके पति कमलकांत ने मिट्टी डालकर पानी रोकने की कोशिश की, तो इसी पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान दारोगा का बेटा प्रकाश यादव मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।

खुलेआम धमकी और वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

विवाद बढ़ने पर प्रकाश के भाई शशिकांत और मां भी पहुंच गईं। आरोप है कि प्रकाश ने राइफल लहराकर कमलकांत को गोली मारने की धमकी दी और कहा कि ‘हमारे घर का पानी ऐसे ही बहेगा।’ पूरी घटना वहां मौजूद एक शख्स ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वीडियो के चलते मामला तूल पकड़ गया और पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी।

यह भी पढ़ें:

पुलिस ने जब्त की राइफल, दर्ज हुई एफआईआर

पीड़िता रंभा देवी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्रकाश यादव, शशिकांत यादव और उनकी मां के खिलाफ जैतपुरा थाने में एफआईआर दर्ज की। जांच में सामने आया कि जिस राइफल से धमकी दी गई, वह दारोगा सुरेश यादव के नाम पर लाइसेंसी थी। फिलहाल राइफल को जब्त कर लिया गया है और लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com