शिव की काशी में आज होगा देवों का आगमन, 17 लाख दीपकों से जगमगाएगी गंगा नगरी, 3डी लेजर शो के जरिए दिखेगा शिवनगरी का इतिहास

आज देव दीपावली पर गंगा में उतरती आस्था की सीढ़ियों पर सनातन की ज्योति से पूरा विश्व दीप्तिमान होगा। देव दीपावली उत्सव में 3डी लेजर शो के जरिए काशी का इतिहास, संतों और ऋषियों की कहानियां और गंगा नदी के ‘‘धरती पर अवतरण'' के महत्व को दिखाया जाएगा।
देव दीपावली पर जगमगाएगी गंगा नगरी
देव दीपावली पर जगमगाएगी गंगा नगरी
Published on
Updated on

वाराणसी: आज यानी शुक्रवार 15 नवंबर को देव दीपावली पर गंगा में उतरती आस्था की सीढ़ियों पर सनातन की ज्योति से पूरा विश्व दीप्तिमान होगा। वहीं काशी की धरती पर आज मानों देवता उतरेंगे। आज काशी का जनमानस असंख्य दीप प्रज्ज्वलित कर देवताओं के साथ देव दीपावली मनाएगा।

आज देव दीपावली की योगी सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। कार्तिक पूर्णिमा के इस मौके पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ नमो घाट का उद्घाटन करेंगे। साथ ही देव दीपावली की शुरुआत भी करेंगे। इस मौके पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी भी रहेंगे। वहीं योगी सरकार देव दीपावली को भव्य बनाने के लिए 12 लाख दीपों से आज घाटों को रोशन कर रही है। जन सहभागिता से इन दीपों की संख्या 17 लाख के पार हो जाएगी। आज के इस खास मौके के लिए 3 लाख से अधिक दीप गाय के गोबर से बने हैं।

देव दीपावली उत्सव में 3डी लेजर शो

वहीं आज वाराणसी में देव दीपावली उत्सव में 3डी लेजर शो के जरिए काशी का इतिहास, संतों और ऋषियों की कहानियां और गंगा नदी के ‘‘धरती पर अवतरण'' के महत्व को दिखाया जाएगा। परंपरा और आधुनिक प्रौद्योगिकी का मिश्रण यह 25 मिनट का 3डी लेजर शो दिन में चार बार- शाम साढ़े पांच बजे, सात बजे, आठ बजे और आठ बजकर 45 मिनट पर, दिखाया जाएगा। इस लेजर शो में उच्च क्षमता वाले 24 प्रोजेक्टर का इस्तेमाल होगा, जो घाटों की ऐतिहासिक इमारतों पर काशी के धार्मिक और सांस्कृतिक विकास की जीवंत छवि बनाएंगे।

क्या होगा खास

आज होने वाले इस लेजर शो में शहर के इतिहास के महत्वपूर्ण क्षणों को दिखाया जाएगा, जिसमें काशी में भगवान शिव का आगमन, ऋषियों और मुनियों की कहानियां, भगवान बुद्ध की यात्रा और तुलसीदास तथा कबीर जैसे संतों का योगदान शामिल हैं। इस शो में मंदिरों और कुंडों के जीर्णोद्धार में अहिल्याबाई होल्कर के प्रयासों के साथ-साथ गंगा नदी के धरती पर अवतरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला जाएगा।

इसके साथ ही देव दीपावली क्यों मनाई जाती है और गंगा के धरती पर अवतरण की कहानी भी पर्यटक देख सकेंगे।जानकारी दें कि इस शानदार लेजर शो को प्रसारित करने के लिए तकनीशियन तथा इंजीनियरों की लगभग 200 से अधिक लोगों की टीम घाट पर काम कर रही है।

काशी की देव दीपावली की इस अलौकिक, अप्रतिम और दिव्य दृश्य को देखने के लिए देशी और विदेशी पर्यटक बड़े तादाद में आज काशी पहुंच रहे हैं। इस बार देव दीपावली पर 10 लाख से अधिक पर्यटकों के आने की संभावना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com