

Uttar Pradesh Rajya Sabha Election 2026: उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की 10 सीटों के लिए आयोजित चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। इस चुनाव में सभी 10 उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी के 8 और समाजवादी पार्टी के 2 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।
नामांकन पत्रों की जांच के दौरान दो निर्दलीय उम्मीदवारों के पर्चे खारिज हुए और नाम वापसी की अंतिम तिथि तक किसी भी प्रत्याशी के पीछे नही हटने के कारण 10 सीटों के लिए ठीक 10 वैध उम्मीदवार ही रह गए थे। ऐसे में बिना किसी मुकाबले के भाजपा के 8 और सपा के 2 प्रत्याशी संसद के उच्च सदन के लिए निर्विरोध निर्वाचित चुने गए।
बता दें कि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के 10 सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा था, जिसके मद्देनजर यह चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई।
अपनी पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए भाजपा ने इस बार अपने सामाजिक और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए आठ नए चेहरों को मैदान में उतारा था-
धर्मपाल सिंह (लोध - प्रदेश सरकार में मंत्री)
प्रकाश पाल (पाल - अध्यक्ष, पिछड़ा वर्ग मोर्चा)
श्रुति गंगवार (कुर्मी)
विद्यासागर सोनकर (दलित)
प्रियंका रावत (दलित)
राधाकांत ओझा (ब्राह्मण)
गोपी कृष्ण पांडेय (ब्राह्मण)
राम प्रताप सिंह चौहान (ठाकुर)
समाजवादी पार्टी द्वारा मैदान में उतारे गए दोनों उम्मीदवारों को जीत मिली है-
राम गोपाल यादव (वरिष्ठ नेता)
धनराज परिमल नाथवानी (रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव)
बता दें कि भाजपा के आठ उम्मीदवारों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। पार्टी ने अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), दलित, ब्राह्मण और ठाकुर समुदायों को संतुलित प्रतिनिधित्व दिया है, जिसे यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
नामांकन पर्चों की जांच व निर्दलीय उम्मीदवारों के आवेदन खारिज होने के बाद चुनाव मैदान में केवल 10 उम्मीदवार ही शेष बचे थे। इसलिए मतदान प्रक्रिया की आवश्यकता नहीं पड़ी और निर्वाचन अधिकारी ने सभी 10 उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा कर दी।
सपा खेमे से वरिष्ठ रणनीतिकार प्रो. रामगोपाल यादव के साथ-साथ कॉरपोरेट क्षेत्र के जाने-माने चेहरे धनराज परिमल नाथवानी भी उच्च सदन पहुंचे। वहीं, बीजेपी ने भी अपने 8 प्रत्याशियों को निर्विरोध चुनाव जिताकर उच्च सदन में यूपी से अपने संख्या बल को और मजबूती कर लिया।
बता दें कि सपा से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए धनराज नथवानी ने अपने एक्स पोस्ट पर खुशी का इजहार करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए मेरे निर्वाचित होने पर, मैं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार और धन्यवाद व्यक्त करता हूं। उन्होंने आगे लिखा कि पार्टी के समस्त वरिष्ठ नेतृत्व व माननीय विधायकों का आभार, जिन्होंने मेरे ऊपर अटूट विश्वास जताया।