

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा के दौरान भगदड़ मच गई। इस भगदौड़ में कई महिलाओं और बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार मेरठ के परतापुर के मैदान में शिव महापुराण की कथा का आयोजन किया गया था। यह कार्यक्रम बीते पांच दिनों से चल रहा था और आज आखिरी दिन था। शुरुआती जानकारी के अनुसार कथा के आखिरी दिन पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौजूद है।
मौके पर मौजूद लोगों ने खुद स्थिति को संभालने की कोशिश की और सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। खबर लिखे जाने तक किसी भी घायल की हालत नाजुक नहीं थी और सभी खतरे के बाहर हैं। बताया गया कि घटना गेट नंबर 1 पर हुई। मदद के लिए आसपास के गांव के लोग आए। अभी तक अधिकारियों की ओर से घटना पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
जानकारी के मुताबिक एंट्री और एग्जिट के लिए अलग-अलग गेट बने थे लेकिन ज्यादा भीड़ होने की दशा में सभी लोग एंट्री गेट से ही बाहर भी निकलने लगे। ये भी बताया जा रहा है कि स्थानीय पुलिस फोर्स पहले से तैनात थी, लेकिन कई थानों की पुलिस टीम को बुलाया गया है। हालांकि इस हंगामे में कितने लोग घायल हैं, इसकी कोई जानकारी अबतक नहीं आई है। जो भी लोग इसमें घायल हुए हैं, उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि ऐंट्री गेट पर खड़ी भीड़ पांडाल के अंदर घुसने के लिए जद्दोजहद करती है और फिर अचानक महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिरती हुई दिखाई दे रही हैं। इस दौरान वहां मौजूद लोग नीचे गिरी हुई महिलाओं को उठाने का प्रयास करते हैं।
मीडिया से बातचती में में मेरठ के एसएसपी ने बताया कि भीड़ ज्यादा होने की वजह से ऐसे हालात बने, राहत की बात है कि वहां कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है। स्थिति पूरी तरह से कंट्रोल में है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर कई पुलिस अधिकारी, मेडिकल की टीम और एम्बुलेंस मौजूद हैं। पुलिस के साथ वॉलंटियर भी वहां मौजूद हैं। पूरी व्यवस्था रखी गई है। तत्काल घायलों को अटेंड किया गया है। एसएसपी ने कहा कि इस घटना की हर एंगल से जांच की जाएगी।