

Moradabad-Agra Highway Accident: उत्तर प्रदेश में रविवार सुबह संभल जिले में मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। घटना बहजोई थाना क्षेत्र के बमनेटा गांव के पास का बताया जा रहा है। यहां सवारियों से भरा एक ऑटो की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई।
इस हादसे में 2 बच्चों सहित कुल 5 लोगों की मौत हो गई और 6 अन्य लोग घायल हैं। पुलिस के अनुसार, घायलों को संभल, चंदौसी और मुरादाबाद के अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सवारी भरकर यह ऑटो बहजोई से चंदौसी की तरफ जा रहा था। इस दौरान बमनेटा गांव के पास ही सड़क पर एक दिव्यांग की ट्राईसाइकिल बचाने के चक्कर में ऑटो अपना नियंत्रित खो बैठा और सामने से आ रहे डंपर में टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद डंपर भी नियंत्रित खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया।
इस हादसे की सूचना मिलते ही नजदीकी थाने से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में घायल लोगों को तुरंत ईलाज अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि इसमें ऑटो चालक सौदान सिंह (40), ध्रुव, 4 माह की बच्ची आराध्या के साथ-साथ रुवैद (30) शामिल हैं। एक और मृतक की पहचान पर शुरुआती रिपोर्टों में अंतर है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पांचवें मृतक के रूप में रोहिणी का नाम सामने आया है, वहीं, पुलिस आधारित रिपोर्ट में पांचवें मृतक की पहचान अज्ञात बताई गई थी।
सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे के बाद शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और मृतकों के परिवारों को भी सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया।