नोएडा में सड़कों पर उतरी RTO की 5 टीम, 21 बसें सीज; 34 पर भारी जुर्माना, बस संचालको में मचा हाहाकार

Operation Kavach Noida Buses Seized: गौतम बुद्ध नगर में ‘ऑपरेशन कवच 2.0’ के तहत परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। टैक्स चोरी और अवैध संचालन पर विभाग ने 21 बसें सीज की और 34 के चालान भी काटे।
Operation Kavach Noida Buses Seized
‘ऑपरेशन कवच 2.0’ के तहत गौतम बुद्ध नगर में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाईसोर्स- IANS
Published on
Updated on

Gautam Buddha Nagar RTO Action: उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर नियम विरुद्ध संचालित होने वाले वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कवच 2.0’ के तहत गौतम बुद्ध नगर में परिवहन विभाग ने दूसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभाग की पांच प्रवर्तन टीमों ने जिले के अलग-अलग प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली 34 बसों के चालान किए गए, जबकि 21 बसों को मौके पर ही निरुद्ध (सीज) कर डिपो और संबंधित थानों में खड़ा कराया गया। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई का नेतृत्व एआरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पाण्डेय ने किया।

पांच प्रवर्तन टीमों ने संभाला मोर्चा

अभियान के लिए कुल पांच प्रवर्तन टीमें मैदान में उतारी गई थीं, जिनमें तीन एआरटीओ और दो पीटीओ शामिल रहे। टीमों ने परी चौक, महामाया फ्लाईओवर, सेक्टर-37 और सूरजपुर सहित जिले के प्रमुख और व्यस्त स्थानों पर बसों की जांच की।

अधिकारियों के मुताबिक चेकिंग के दौरान कई बसों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कुछ बसें निर्धारित परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए संचालित की जा रही थीं। कई वाहनों में वैध रूट और परमिट संबंधी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था।

टैक्स नहीं जमा करने वाले बसों पर भी हुई कार्रवाई

इसके अलावा कुछ बस संचालकों द्वारा लंबे समय से परिवहन विभाग का टैक्स जमा नहीं किया गया था। टैक्स बकाया पाए जाने पर भी विभाग ने संबंधित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीमों ने उन बसों पर भी कार्रवाई की, जिनका इस्तेमाल यात्रियों को ले जाने के बजाय या उनके साथ नियम विरुद्ध तरीके से भारी कमर्शियल माल ढोने के लिए किया जा रहा था।

अधिकारियों का कहना है कि सवारी वाहनों में इस तरह माल की ढुलाई यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। ऐसे वाहनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार चालान और सीज की कार्रवाई की गई।

यात्रियों की सुरक्षा से नहीं होगा समझौता: RTO

एआरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पाण्डेय ने बताया कि शासन के निर्देश पर ऑपरेशन कवच 2.0 का उद्देश्य अवैध और नियम विरुद्ध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाना है।

उन्होंने कहा कि जिले में यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने, टैक्स बकाया रखने या सवारी वाहनों का गलत तरीके से इस्तेमाल करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।

वाहन संचालकों को स्पष्ट चेतावनी

वाहन संचालकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वाले और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले वाहन स्वामियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमें आने वाले दिनों में भी जिले के अलग-अलग हिस्सों में चेकिंग अभियान जारी रखेंगी।

Operation Kavach Noida Buses Seized
लखनऊ में CM योगी से मिली हनुमान अंश की टीम, गुरु गोरक्षनाथ प्रसंग पर हुई चर्चा; मुख्यमंत्री भी हुए मुरीद

विभाग की इस कार्रवाई से अवैध और नियम विरुद्ध तरीके से संचालित हो रहे बस ऑपरेटरों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और नियमों के अनुरूप बनाना है। एजेंसी इनपुट के साथ...

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com