टप्पल में अवैध कॉलोनियों पर चला नोएडा प्राधिकरण का बुलडोजर, 30 हेक्टेयर जमीन कराई गई मुक्त

Noida Authority Action: अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास अवैध कॉलोनियों के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। प्राधिकरण ने करीब 30 हेक्टेयर जमीन कब्जामुक्त कराया।
Noida Authority Demolition Drive: Illegal Colonies Razed Near Yamuna Expressway Tappal
नोएडा प्राधिकरण का बुलडोजर(सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Noida Authority Illegal Colony Action: थाना टप्पल क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास तेजी से विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की। गुरुवार सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्राधिकरण की टीम ने एक दर्जन से अधिक जेसीबी मशीनों के साथ कई स्थानों पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध प्लॉटिंग और निर्माण को ध्वस्त कर करीब 30 हेक्टेयर जमीन को कब्जामुक्त कराने का दावा किया गया है। प्राधिकरण के मुताबिक मुक्त कराई गई जमीन की बाजार कीमत करीब 200 करोड़ रुपये है।

सुबह से ही टप्पल थाने पर पुलिस बल जुटना शुरू हो गया था। इसके बाद नोएडा प्राधिकरण की टीम पुलिस फोर्स और जेसीबी मशीनों के साथ चिन्हित स्थानों पर पहुंची। अभियान की शुरुआत शुभ लाभ यमुना एक्सप्रेसवे सर्विस रोड और नूरपुर मार्ग पर विकसित की जा रही बड़ी कॉलोनी से हुई। यहां अवैध रूप से की गई प्लॉटिंग, निर्माण और अन्य ढांचों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कराया गया। आसपास विकसित की जा रही अन्य कॉलोनियों में भी कार्रवाई की गई।

किसानों से भी हुई अधिकारियों की कहासुनी

ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान नोएडा प्राधिकरण की टीम का सामना भारतीय किसान यूनियन राकेश टिकैत के पदाधिकारियों से हुआ। कार्रवाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी की स्थिति भी बनी। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को संभाला। विरोध के बावजूद प्राधिकरण की टीम ने अपनी कार्रवाई जारी रखी।

Noida Authority Demolition Drive: Illegal Colonies Razed Near Yamuna Expressway Tappal
Mathura: दो युवतियों के गायब होने का मामला गहराया, अनहोनी की आशंका को लेकर हिंदू संगठनों का भी प्रदर्शन शुरू

इसके बाद टीम ने लालपुर रोड का रुख किया, जहां भी अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी के खिलाफ जेसीबी चलाई गई। प्लॉटिंग के लिए किए गए विकास कार्यों और निर्माण को ध्वस्त कराया गया।

30 हेक्टेयर जमीन मुक्त कराने का दावा

नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक शाही के अनुसार अभियान के दौरान करीब 30 हेक्टेयर भूमि को अवैध कॉलोनियों से मुक्त कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक इस जमीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 200 करोड़ रुपये है। प्राधिकरण की ओर से अवैध कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

प्राधिकरण ने खरीदारों को किया सावधान

कार्रवाई के बाद नोएडा प्राधिकरण ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपनी मेहनत की कमाई अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से पहले जमीन और कॉलोनी से जुड़े दस्तावेजों की पूरी जांच करें। प्राधिकरण की अनुमति, भूमि के वैध दस्तावेज और अन्य जरूरी स्वीकृतियां देखे बिना प्लॉट खरीदने से बचने की सलाह दी गई है।

यमुना एक्सप्रेसवे और टप्पल क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से अवैध प्लॉटिंग को लेकर कार्रवाई होती रही है। पिछले महीने भी एक्सप्रेसवे की ओर कई अवैध कॉलोनियों पर प्राधिकरण का बुलडोजर चला था। ताजा कार्रवाई के बाद अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com