राम मंदिर के बाद अब श्रीकृष्ण जन्मभूमि में चढ़ावे की चोरी! फलाहारी महाराज ने खून से लिखा CBI जांच के लिए पत्र

Mathura Temple News: मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की चोरी के आरोपों के बीच फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खून से पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग की है।
Mathura Temple Donation Row: Falahari Maharaj Warns of Moving High Court
खून से लिखा सीएम को पत्र (सोर्स - फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Mathura Temple Donation Irregularities: श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे और मंदिर प्रबंधन में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर संत समाज के प्रमुख संत फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खून से पत्र लिखकर सीबीआई जांच कराने की मांग की है। इस पत्र के सामने आने के बाद मंदिर प्रबंधन समिति में हड़कंप मच गया है।

गुल्लकें खोलने के दौरान बंद कर दिए जाते हैं CCTV कैमरे

फलाहारी महाराज ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि मंदिर में भक्तों द्वारा दिए जाने वाले दान और चढ़ावे के उपयोग में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। उनका कहना है कि मंदिर की गुल्लकें खोले जाने के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए जाते हैं, जिससे चढ़ावे के सही हिसाब-किताब पर सवाल खड़े होते हैं।

मंदिर प्रबंधन से जुड़े कुछ कर्मचारियों की संपत्तियों में बढ़ोत्तरी

फलाहारी महाराज ने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर प्रबंधन से जुड़े कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों की आर्थिक स्थिति में अचानक बड़ा बदलाव आया है। जो कर्मचारी पहले साधारण जीवन व्यतीत करते थे और स्कूटर से आते-जाते थे, वे आज आलीशान मकानों और महंगी गाड़ियों के मालिक बन गए हैं। महाराज ने ऐसे सभी लोगों की संपत्तियों की जांच कराने की मांग की है।

पत्र में यह भी दावा किया गया है कि मंदिर से जुड़े कुछ कर्मचारियों ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बड़ी मात्रा में संपत्तियां खरीदी हैं। इसके अलावा छप्पन भोग और फूल बंगला जैसी व्यवस्थाओं में भारी कमीशनखोरी होने का आरोप भी लगाया गया है।

सोने-चांदी के आभूषणों और दान का हो व्यवस्थित रिकॉर्ड

फलाहारी महाराज का कहना है कि जिस प्रकार अयोध्या के राम मंदिर में सोने-चांदी के आभूषणों और दान का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखा जाता है, उसी प्रकार श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में भी पारदर्शी व्यवस्था लागू की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर में प्राप्त होने वाले सोने-चांदी के आभूषणों का समुचित हिसाब नहीं रखा जाता।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मंदिर प्रबंधन की व्यवस्था को स्वयं अपने स्तर पर देखने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही सुझाव दिया है कि मंदिर के चढ़ावे की राशि का उपयोग अस्पतालों, कॉलेजों और जनकल्याणकारी कार्यों में किया जाए।

फलाहारी महाराज ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की सीबीआई जांच नहीं कराई गई तो वे इस संबंध में नई याचिका दायर कर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। बता दें कि फलाहारी महाराज वही संत हैं जिन्होंने वर्षों पहले यह संकल्प लिया था कि जब तक श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर "आज़ाद" नहीं होगा, तब तक वे अन्न ग्रहण नहीं करेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com