ऋषभ पंत को मौत से बचाने वाले ने ख़तरे में डाली खुद की जान, प्रेमिका के साथ खाया जहर, जानें क्या है पूरा माजरा

पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश के पुरकाजी के बुच्चा बस्ती गांव में रजत कुमार (25) नामक इस युवक ने तीन दिन पहले अपनी प्रेमिका मनु कश्यप (21) के साथ कथित तौर पर जहर खा लिया था।
ऋषभ पंत को मौत से बचाने वाले शख्स ने गर्लफ्रेंड के साथ खाया जहर
ऋषभ पंत को बचाने वाले शख्स ने प्रेमिका के साथ खाया जहर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

नवभारत डेस्क: सड़क हादसे में भारत के विकेटकीपर ऋषभ पंत काफी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उनकी जान बचाने वाला शख्स काफी ट्रेंड में था। लेकिन अब उस शख्स ने भी खुद की जान लेने की कोशिश की है। उसने अपनी प्रेमिका के साथ जहर खाया है। जहां प्रेमिका की मौत हो गई है।

पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश के पुरकाजी के बुच्चा बस्ती गांव में रजत कुमार (25) नामक इस युवक ने तीन दिन पहले अपनी प्रेमिका मनु कश्यप (21) के साथ कथित तौर पर जहर खा लिया था, जिसके बाद उन्हें उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के झबरेड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मनु की मौत हो गई जबकि कुमार की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। झबरेड़ा थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बृहस्पतिवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला बुधवार को ही उनके संज्ञान में आया लेकिन इस संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। झबरेड़ा स्थित प्रज्ञा अस्पताल के चिकित्सक डॉ. दिनेश त्रिपाठी ने पीटीआई भाषा को बताया कि कथित तौर पर जहर खाने से हालत बिगड़ने पर जब कुमार और मनु को उनके अस्पताल लाया गया तो मनु की हालत ज्यादा गंभीर थी और उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की सलाह दी गई थी।

उन्होंने कहा कि हालांकि उन्हें जानकारी मिली है कि मनु के परिजन उसे उच्च स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के बजाय घर ले गए जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई. उन्होंने कहा कि कुमार का उनके अस्पताल में इलाज चल रहा है और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है लेकिन वह अभी बात करने की स्थिति में नहीं है।

डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार रजत और मनु शादी करना चाहते थे लेकिन मनु के परिजन जातिगत कारणों से उनकी शादी के लिए राजी नहीं हुए और इसी से नाराज होकर दोनों ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। दिल्ली से रुड़की स्थित अपने घर आते समय क्रिकेटर पंत की कार 31 दिसंबर 2022 को तड़के मंगलौर के पास पलट कर डिवाइडर से टकरा गई थी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

दुर्घटना के समय वहां से गुजर रहे दो युवकों रजत कुमार और निशु ने घायल पंत को तुरंत कार से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, ताकि उसे समय पर उपचार मिल सके। दुर्घटना से उबरने के बाद पंत ने दोनों युवकों से मुलाकात की और उनका आभार जताया। पंत ने दोनों युवकों को उपहार स्वरूप एक-एक स्कूटी भी दी। डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि पंत को रजत के साथ हुई घटना की जानकारी मिल गई है और उनके निजी सहायक ने उन्हें फोन पर बताया है कि वह एक-दो दिन में रजत को देखने झबरेड़ा आएंगे।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com