अयोध्या में बड़ा हादसा: जोरदार विस्फोट के बाद ढहा मकान, पांच की मौत, कई लोग घायल

अयोध्या जिले में भदरसा क्षेत्र के भरतकुंड के पगलाभारी गांव में गुरुवार शाम जोरदार धमाके के साथ एक मकान गिर गया। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। मौके पर राहत बचाव कार्य किया जा रहा है।
ayodhya news update
अयोध्या में गिरा मकान, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Ayodhya News: अयोध्या के भरतकुंड में मकान गिरने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के कई घरों की खिड़कियां तक हिल गईं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह हादसा शाम करीब साढ़े सात बजे हुआ। गांव निवासी रामकुमार उर्फ पारसनाथ के मकान में अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरा घर मलबे में तब्दील हो गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और सीओ अयोध्या समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पटाखे या गैस सिलेंडर विस्फोट की आशंका

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह पटाखों का विस्फोट बताई जा रही है। हालांकि, घटनास्थल पर गैस और ईंधन की गंध भी महसूस की गई है। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट किस कारण हुआ, इसकी जांच फॉरेंसिक टीम करेगी। रेस्क्यू टीम ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। कई घायल अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य देर रात तक जारी था। मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर फायर ब्रिगेड, SDRF और स्थानीय पुलिस बल मौजूद हैं। जेसीबी की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। लोगों की मानें तो पटाखे के चलते विस्फोट होने की आशंका ज्यादा है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर ईंधन की भी बदबू आ रही है। कुछ और लोगों के मकान के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों में फैला दहशत

गांव के लोगों का कहना है कि धमाके की आवाज पूरे इलाके में गूंजी। कई लोगों को लगा कि पास ही कोई पटाखा फैक्ट्री फट गई है। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया है और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान और विस्फोट के कारणों की पुष्टि के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com