

लखनऊ में बीजेपी नेता राम नारायण करीब दो महीने से लापता
परिजन बोले- FIR के बाद भी नहीं मिले, अब पता नहीं जीवित हैं या नहीं
लगातार 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही
Lucknow BJP Leader Ransom Case: लखनऊ में बीजेपी नेता करीब दो महीने से लापता हैं। परिवार का आरोप है कि उनसे लगातार 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। मामले में अपहरण और फिरौती की एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
परिवार को यह भी जानकारी नहीं है कि वह अब जीवित हैं या नहीं। इस मामले में अमीनाबाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि अभी इस मामले में पुलिस का कोई बयान सामने नहीं आया है।
जानकारी के मुताबिक, राम नारायण बाजपेई अक्टूबर से लापता हैं। उनके परिजनों ने लखनऊ के अमीनाबाद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद भी पुलिस उनका पता नहीं लगा पाई। परिवार का कहना है कि राम नारायण के लापता होने के बाद से ही उनसे लगातार फिरौती की रकम मांगी जा रही है।
परिवार वालों से 25 लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने की बात सामने आई है। परिजनों के मुताबिक, उन्हें लगातार रकम देने के लिए कहा जा रहा है। हालांकि, दो महीने बीत जाने के बाद भी राम नारायण के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
मामले में अमीनाबाद पुलिस ने 22 नवंबर को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(2) के तहत अपहरण से संबंधित एक और एफआईआर दर्ज की। इसके बावजूद अब तक अपहरणकर्ताओं का पता नहीं चल पाया है और न ही राम नारायण को बरामद किया जा सका है।
राम नारायण बाजपेई को यूपी में बीजेपी का बड़ा कार्यकर्ता बताया जा रहा है। परिवार लगातार उनकी तलाश और सुरक्षा को लेकर चिंतित है। दो महीने से लापता व्यक्ति का पता नहीं चलना और फिरौती मांगे जाने के बावजूद अपहरणकर्ताओं तक पुलिस का न पहुंच पाना अमीनाबाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है।