कानपुर देहात के बोतल बाबा का कारनामा: फूंक मारकर कैंसर ठीक करने का करते थे दावा; FIR दर्ज, जानें क्या है मामला

Kanpur Dehat Crime News: कानपुर देहात में 'बोतल बाबा' हरिओम यादव और 10 अन्य लोगों के खिलाफ ठगी, दुष्कर्म के प्रयास, बंधक बनाने और हत्या के प्रयास सहित गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
FIR Registered Against ‘Bottle Baba’ Kanpur Dehat Fraud
‘बॉटल बाबा’ (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bottle Baba Kanpur Dehat: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से अंधविश्वास और आस्था के नाम पर घिनौने खेल का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ गंभीर बीमारियों को ठीक करने और भूत-प्रेत का साया हटाने का दावा करने वाले चर्चित "बोतल बाबा" उर्फ हरिओम यादव अब पुलिस के शिकंजे में हैं।

चैन के पुरवा स्थित देवराहट थाना क्षेत्र में आश्रम चलाने वाले इस बाबा पर एक महिला ने तंत्र-मंत्र के नाम पर हजारों रुपये ठगने, आश्रम में बंधक बनाकर गलत हरकत करने और दुष्कर्म व हत्या के प्रयास का बेहद संगीन मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बोतल बाबा समेत 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आखिर बोतल में पानी भरकर फूंक मारने वाले इस बाबा का क्या है? पढिए यह विशेष रिपोर्ट

तंत्र-मंत्र के नाम पर हजारों रुपये की ठगी

यह पूरा मामला कानपुर देहात के देवराहट थाना क्षेत्र के चैन के पुरवा का है। यहां औरैया की रहने वाली एक पीड़ित महिला अपने परिवार की परेशानी और भूत-प्रेत की बाधा से छुटकारा पाने के लिए बाबा के आश्रम पहुंची थी। महिला का आरोप है कि तंत्र-मंत्र के नाम पर उससे हजारों रुपये ठग लिए गए।

थाने पहुंचकर की शिकायत

हद तो तब हो गई जब महिला को आश्रम में अकेला पाकर बाबा ने उसके साथ गलत हरकत करने और दुष्कर्म का प्रयास किया। जब महिला ने विरोध किया, तो उसे जान से मारने की कोशिश भी की गई। इस खौफनाक आपबीती के बाद पीड़िता ने सीधे थाने पहुंचकर बोतल बाबा और उनके सहयोगियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

फूंक मारकर कैंसर को जड़ से खत्म करने का दावा

गौरतलब है कि बोतल बाबा आश्रम पर रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु अपनी मन्नतें और बीमारियां लेकर पहुंचते हैं। बाबा का दावा है कि वह सामान्य पानी की बोतल में फूंक मारकर कैंसर जैसी जानलेवा और गंभीर बीमारियों को जड़ से खत्म कर देते हैं। इसी अंधविश्वास के जाल में फंसकर लोग दूर-दूर से यहाँ खिंचे चले आते हैं। लेकिन इस एफआईआर के बाद बाबा का यह पूरा साम्राज्य और उसकी संदिग्ध गतिविधियां अब पुलिस के रडार पर हैं।

कानपुर देहात की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तो शुरू कर दी है, लेकिन यह घटना एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास पर बड़ा तमाचा है। जब तक लोग चमत्कारों के पीछे भागते रहेंगे, तब तक ऐसे ढोंगी बाबा आस्था का फायदा उठाकर बहू-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ करते रहेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com