कानपुर देहात: कांग्रेस की स्वागत सभा में चले लात-घूंसे, पूर्व और वर्तमान जिलाध्यक्ष के समर्थक आपस में भिड़े

Kanpur Dehat Congress: कानपुर देहात में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के स्वागत समारोह में कांग्रेस के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Congress Factions Clash During Rajendra Pal Gautam’s Welcome Event in Kanpur Dehat, Video Goes Viral
कांग्रेस की स्वागत सभा में चले लात-घूंसे (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Kanpur Dehat Congress Worker Dispute: जनपद के सूर्या होटल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नवनियुक्त उत्तर प्रदेश प्रभारी व प्रदेश महासचिव राजेंद्र पाल गौतम के प्रथम आगमन पर आयोजित स्वागत समारोह अखाड़े में तब्दील हो गया। स्वागत करने को लेकर कांग्रेस के ही दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

​स्वागत को लेकर शुरू हुआ विवाद

​मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश महासचिव राजेंद्र पाल गौतम के कानपुर देहात आगमन पर उनके स्वागत सत्कार के लिए सूर्या होटल में कार्यक्रम रखा गया था। इसी दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष व सिकंदरा विधानसभा से प्रत्याशी रहे नरेश कटियार और वर्तमान जिला अध्यक्ष अमित सिंह गौर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों नेताओं के समर्थक भी आमने-सामने आ गए और विवाद हाथापाई में बदल गया।

​हाथापाई के बाद भड़का मामला

​बताया जा रहा है कि इस धक्का-मुक्की और हाथापाई के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष नरेश कटियार के बेटे को हाथ लग गया, जिसके बाद मामला और ज्यादा गरमा गया। इसके बाद माहौल इस कदर बिगड़ा कि महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मनोरमा शंकर और नरेश कटियार के समर्थकों के बीच भी तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।

​सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

​कांग्रेस की इस आपसी गुटबाजी और सिरफुटौव्वल का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस घटना ने एक बार फिर कांग्रेस की अंतर्कलह को सरेबाजार उजागर कर दिया है। जहाँ एक तरफ शीर्ष नेतृत्व संगठन को मजबूत करने की कोशिशों में जुटा है, वहीं जमीनी स्तर पर कांग्रेस नेताओं की आपसी रंजिश पार्टी की किरकिरी करा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com