अलीगढ़ में बनेगा देश का पहला 'लॉक म्यूजियम', ताला उद्योग को मिलेगी वैश्विक पहचान, CM योगी ने दिए आदेश

Aligarh Lock Museum: अलीगढ़ में बनेगा देश का पहला 'लॉक म्यूजियम'; मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस पहल से पारंपरिक ताला उद्योग को मिलेगी वैश्विक पहचान और 10 हजार करोड़ का सालाना कारोबार।
India's First Lock Museum
अलीगढ़ में बनेगा देश का पहला लॉक म्यूजियम (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

India's First Lock Museum: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का ऐतिहासिक ताला उद्योग अब नई पहचान की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यहां देश का पहला ‘लॉक म्यूजियम’ स्थापित करने का फैसला लिया गया है। इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक ताला उद्योग को संरक्षित करने के साथ-साथ उसे आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़ना है।

यह म्यूजियम न केवल एक प्रदर्शनी स्थल होगा, बल्कि इसे एक व्यापक औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां पारंपरिक हस्तनिर्मित तालों से लेकर आधुनिक हाई-टेक सुरक्षा प्रणालियों तक के विकास को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां इस उद्योग की यात्रा को समझ सकें।

ताला उद्योग को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

इस परियोजना से अलीगढ़ के ताला उद्योग का सालाना कारोबार 10 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। खास बात यह है कि नोएडा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से करीब 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित होने के कारण यहां विदेशी पर्यटकों की भी बड़ी संख्या में आमद हो सकती है, खासकर अमेरिका और यूरोप से।

प्रशिक्षण और शोध का केंद्र बनेगा Lock Museum

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के अनुसार, यह म्यूजियम कौशल विकास, डिजाइन, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देगा। यहां प्रशिक्षण, शोध और तकनीकी विकास से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को नए अवसर मिलेंगे और उद्योग को नई दिशा मिलेगी।

पारंपरिक और आधुनिक तकनीक का गठजोड़

म्यूजियम के जरिए पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ा जाएगा, जिससे उनकी उत्पादकता और गुणवत्ता में सुधार होगा। साथ ही एमएसएमई इकाइयों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जिससे निर्यात और बाजार विस्तार को गति मिलेगी।

यह परियोजना पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगी। म्यूजियम के विकसित होने से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आएंगे, जिससे व्यापार बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उत्तर प्रदेश की औद्योगिक छवि होगी मजबूत

योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह पहल अलीगढ़ के पारंपरिक ताला उद्योग को आधुनिक और वैश्विक पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे न केवल एक ऐतिहासिक उद्योग संरक्षित होगा, बल्कि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक छवि भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com