यूपी में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को इतने करोड़ रुपए की धनराशि की गयी प्रदान, यहां पढ़ें डिटेल्स

up news
Published on
Updated on

लखनऊ: उत्तर प्रदेश  के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) के नेतृत्व और सतत मार्गदर्शन में वित्तीय समावेशन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के 53 जनपदों के 49,084 स्वयं सहायता समूहों के 5.39 लाख सदस्यों को 350 करोड़ रुपए की धनराशि ऑनलाइन माध्यम से उनसे संबंधित समूह के खाते में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा निर्गत किया गया। इस धनराशि में से 19,992 स्वयं सहायता समूह के 2.19 लाख परिवारों को रिवॉल्विंग फंड के रुप में 30 करोड़ रुपए और 29,092 स्वयं सहायता समूह के 3.20 लाख परिवारों को सामुदायिक निवेश निधि के रूप में 320 करोड़ रुपए निर्गत किए गए।  

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा सभी दीदियों को इस अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गयी और उनको आजीविका गतिविधियों में स्किल क्षमता बढ़ाते हुए अपनी स्वंय की पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

आत्मनिर्भर बन रही हैं दीदियां

मिशन निदेशक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सी. इन्दुमती द्वारा सभी समूह सदस्यों को बधाई दी गयी और बताया गया कि सितम्बर 2023 तक प्रदेश में 1.18 करोड़ परिवारों को स्वयं सहायता समूह के माध्यम से आच्छादित करने के मिशन के लक्ष्य को पूर्ण करने की दिशा में तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है।  पं. दीन दयाल अन्त्योदय योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के लक्ष्यों के दृष्टिगत राष्ट्रवाद, सुशासन और समग्र विकास से अन्त्योदय के लक्ष्यों की पूर्ति की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत प्रदेश की दीदियां स्वरोजगार, उद्यमशीलता और कौशल विकास द्वारा आत्मनिर्भर बन रही हैं। अधिक से अधिक परिवारों को मिशन द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आच्छादित करते हुए उनका सामाजिक और आर्थिक  विकास  करते हुए सशक्तीकरण और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com