बहराइच में मगरमच्छ ने मासूम को जिंदा निगला; 7 मिनट तक लड़ते रहे चाचा, फिर भी नहीं बचा सके भतीजे की जान

Bahraich Crocodile Attack: उप्र के बहराइच में घाघरा (सरयू) नदी किनारे 12 वर्षीय मासूम को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया। चाचा ने 7 मिनट तक बचाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ उसे गहरे पानी में खींच लिया।
Bahraich Crocodile Attack: 12-Year-Old Boy Dragged into Ghaghra River, Horrific Incident Sparks Panic
मगरमच्छ ने मासूम को जिंदा निगला (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Bahraich Ghaghra River Crocodile Attack: उत्तर प्रदेश के बहराइच से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला कर रख दिया है। यहां बौंडी थाना क्षेत्र के मुरौवा गांव में घाघरा नदी के किनारे एक 12 वर्षीय बच्चे को मगरमच्छ ने जिंदा निगल लिया। यह खौफनाक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसे देखकर हर किसी के रोंगटे खड़े हो गए। इस घटना ने पीड़ित परिवार में कोहराम मचा दिया है और ग्रामीणों में काफी दहशत है।

अनाथ था मृतक बच्चा

बता दें कि इस हादसे में जान गंवाने वाले मृतक 12 वर्षीय बच्चे का नाम सुनील सिंह है। सुनील सिंह पहले से ही अनाथ था। ग्रामीणों ने बताया कि करीब सात वर्ष पहले उसकी मां और पांच वर्ष पहले उसके पिता का बीमारी के कारण चल बसे थे। माता-पिता का साया उठने के बाद सुनील और उसके बहनो के लिए उसके चाचा विजय राज सिंह ही सब कुछ थे।

वे ही इन अनाथ बच्चों का एकमात्र सहारा थे। सुनील की दर्दनाक मौत के बाद अब परिवार में उसकी 14 वर्षीय बहन सुमन, 10 वर्षीय भाई संजय और बहन सीमा ही बचे हैं। इस अत्यंत गरीब परिवार के पास आजीविका का कोई साधन नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने चंदा इकट्ठा कर बच्चों की मदद की।

गुरुवार को हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के मुताबिक गुरुवार को सुनील अपने चाचा के साथ खेत में धान की रोपाई करने गया था। शाम को काम खत्म करने के बाद सुनील जैसे ही हाथ-मुंह धोने के लिए नदी किनारे गया उसी समय झाड़ियों में छिपे एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि सुनील के चाचा विजय राज सिंह ने 7 मिनट तक उसे बचाने की कोशिश की।

विजय ने सुनील का हाथ पकड़ लिया और उसे अपनी और खींचने लगा। करीब सात मिनट तक विजय अपने भतीजे को मगरमच्छ के जबड़े से छुड़ाने की कोशिश करते रहे लेकिन मगरमच्छ की ताकत के आगे वह हार गए। मगरमच्छ सुनील को गहरे पानी में खींचकर ले गया।

दो-तीन बार पटका और निगल गया बच्चे का शरीर

इस दौरान वहां ग्रामीणों भी पहुंचे। सभी ने ईंट-पत्थर फेंककर भी मगरमच्छ को डराने की कोशिश की लेकिन मगरमच्छ ने सुनील को नहीं छोड़ा और बच्चे को पानी में दो-तीन बार पटका और देखते ही देखते वह बच्चे के आधे शरीर को निगल गया।

देर रात ग्रामीणों ने नदी से सुनील का शव बरामद किया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस रूह कंपा देने वाली घटना के बाद आसपास के गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है। अब किसान और ग्रामीण नदी के किनारे स्थित अपने ही खेतों में जाने से डर रहे हैं।

नदी से दूर रहने की अपील

इस दर्दनाक हादसे के बाद वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद शाकिब ने बताया कि सरयू नदी के किनारे बसे सभी गांवों में मुनादी पिटवाकर लोगों को नदी से दूर रहने के लिए सख्त चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही नदी किनारे भी चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे। साथ ही आदमखोर मगरमच्छ को पकड़ने के लिए जाल लगाने का भी काम किया जा रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com