आजम खान ने ओवैसी पर साधा निशाना- हैदराबाद की बिरयानी हमारे यहां पसंद नहीं की जाती है
सपा नेता ने कहा- अब आने वाला कोई चुनाव धर्म और जाति के नाम पर नहीं होगा
जिस तरह का बर्ताव हमारे साथ हो रहा है, अगर मुझे मालूम होता तो शायद मैं ऐसा नहीं करता।
Azam Khan press conference in Rampur: समाजवादी पार्टी नेता आजम खान ने गुरुवार को रामपुर में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने मीडिया के सवालों के जवाब दिए और कई मुद्दों पर अपनी राय रखी। साथ ही कई अहम विषयों पर प्रतिक्रिया भी दी। प्रेस वार्ता में उन्होंने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा।
आजम खान ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी मौलाना नहीं हैं, बैरिस्टर हैं। दाढ़ी रख लेने से हर आदमी मौलाना नहीं बन जाता और न ही साधु बन जाता है। अभी बहुत से मौके आएंगे इसपर बात करेंगे, हैदराबाद की बिरयानी हमारे यहां पसंद नहीं की जाती है।
सपा नेता आजम खान ने सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट का शुक्रियादा किया। आजम ने कहा कि मेरे जैसे बेहद गरीब और कमजोर आदमी के साथ जिस तरह का सुलूक किया है, उसकी हर तरफ तारीफ हो रही है। पूरे देश से मुझे बहुत सारे मैसेज और फोन आ रहे हैं। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है।
आपको याद होगा कि पिछली बार जब मुझे सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी, तब मेरे ऊपर एक ऐसा मुकदमा था, जिसमें 15 दिन की सजा थी, लेकिन उस मामले में भी मुझे सुप्रीम कोर्ट से जमानत करानी पड़ी थी। मैं चार साल की सजा काट चुका था। जैसे ही ज़मानत हुई, वैसे ही एक मुकदमे में धाराएं बढ़ा दी गईं। लिहाज़ा सिब्बल साहब उन्हीं के सामने पहुंच गए जिन्होंने ज़मानत दी थी।
सपा नेता आजम खान ने आपबीती सुनाते हुए कहा कि जिस तरह का बर्ताव हमारे साथ हो रहा है, अगर मुझे मालूम होता कि पढ़ाई पूरी करने के बाद जब मैं यूनिवर्सिटी बनाने का इरादा करूंगा, तो मुझे इस तरह के हालात का सामना करना पड़ेगा, तो शायद मैं ऐसा नहीं करता। आजादी से बड़ी कोई नेमत और कोई दौलत नहीं है। मैं आपसे सच कहता हूं कि मैं रिक्शा चलाना बेहतर समझता, लेकिन जेल जाने के लिए तैयार नहीं होता।
आगे उन्होंने कहा कि मैं अपनी औलादों से बीड़ियां बनवा लेता, लेकिन जेल की सजा नहीं भुगतता। एक बाप अपनी M.Tech पढ़ी-लिखी औलाद के साथ पांच साल तक लगातार तन्हाई में लेटा रहे और इस पर कुछ लोग अपना सीना फुलाएं, इसे अपनी शान समझें कि एक ऐसे मुसलमान को, जिसने शिक्षा का मंदिर बनाया है, सताकर उनके वोट बढ़ जाएंगे, तो मैं समझता हूं कि हालात बहुत तेजी से बदले हैं। अब आने वाला कोई भी चुनाव धर्म और जाति के नाम पर नहीं होगा, क्योंकि धर्म को धर्म वाले और मजहब को मजहब वाले ही नुकसान पहुंचा रहे हैं। यह बात अब सभी की समझ में आने लगी है।
सपा नेता आजम खान ने कहा कि मैंने यही सुझाव दिया था कि जितनी भी संवैधानिक संस्थाएं हैं, उन्हें अपनी साख खुद बचानी चाहिए। ED, CBI और IT की साख बहुत खराब हो चुकी है। ऐसी एजेंसियों को अपनी प्रतिष्ठा बनाए रखनी चाहिए। इनके कारण देश की दुनिया भर में काफी बदनामी हो रही है। चुनाव आयोग की वजह से दुनिया ने यह मान लिया है कि यहां निष्पक्ष चुनाव नहीं हुए हैं, बल्कि लूटमार के चुनाव हुए हैं। इसका सबसे बड़ा भुक्तभोगी हम हैं।
आजम ने कहा कि हमें INDIA ब्लॉक से इस बात की शिकायत है कि जब रामपुर में पहली बार वोटों की लूट हुई थी, तब दरोगाओं ने तमंचे लेकर लोगों को दौड़ाया था। घरों के बाहर कुंडे लगा दिए गए थे और गलियों के बाहर PAC तैनात कर दी गई थी। लोगों को वोट डालने नहीं दिया गया था। अगर INDIA ब्लॉक ने उस घटना को गंभीरता से लिया होता, तो न कुंदरकी, न संभल, न हरियाणा और न ही बंगाल में ऐसे नतीजे आते। उन्होंने उस घटना को गंभीरता से ही नहीं लिया।