

Noida Sector 94 Accident: नोएडा के सेक्टर-94 स्थित थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां परीक्षा खत्म होने के बाद जश्न मनाने गए छात्रों की खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। चार छात्र एग्जाम के बाद पार्टी मनाने के लिए यहां पहुंचे थे लेकिन मौज-मस्ती के बीच एक छात्र की जान चली गई। बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान सभी छात्र पास में बने एक गहरे गड्ढे में भरे पानी के पास पहुंचे और गर्मी के कारण उसमें नहाने का फैसला किया जो आगे चलकर घातक साबित हुआ।
जानकारी के मुताबिक, छात्र एक-एक कर पानी से भरे गहरे गड्ढे में कूदने लगे। इसी दौरान एक छात्र अचानक गहराई में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन पानी ज्यादा गहरा होने के कारण वह सफल नहीं हो सके। कुछ ही देर में स्थिति गंभीर हो गई और छात्र पानी में लापता हो गया जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी प्रयासों के बाद छात्र को पानी से बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान हर्षित भट्ट के रूप में हुई है, जो बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन का छात्र था और एमिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में डीसीपी नोएडा साद मियां खान ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि खुले और गहरे गड्ढों को बिना किसी सुरक्षा के छोड़ दिया जाता है जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। अगर समय रहते इन गड्ढों को भर दिया जाता या उनके चारों ओर सुरक्षा इंतजाम किए जाते, तो शायद इस तरह की घटना टाली जा सकती थी।
ध्यान देने वाली बात यह है कि एनसीआर में इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी ऐसे हादसे सामने आ चुके हैं। जनवरी में नोएडा 150 में एक दर्दनाक घटना हुई थी, जहां सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की कार एक निर्माणाधीन साइट के गहरे पानी भरे गड्ढे में गिर गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद फरवरी में जनकपुरी में भी इसी तरह का हादसा सामने आया, जहां देर रात एक बाइक सवार युवक सड़क के गहरे गड्ढे में गिर गया और उसकी जान चली गई।