Aligarh: सीएम योगी और पीएम पर अभद्र नारेबाजी पड़ी भारी; वायरल वीडियो से होगी आरोपियों की पहचान, मुकदमा दर्ज

Police Action Aligarh Protest: अलीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान सीएम योगी और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित अभद्र नारेबाजी तथा पोस्टर फाड़ने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
:Police Register Case Over Alleged Slogans and Poster Vandalism During Aligarh Protest
अलीगढ़ में प्रदर्शन (फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Abusive Language Against PM-CM Aligarh Protest: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से अभद्र नारेबाजी किए जाने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। घंटाघर क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के पदाधिकारियों और समर्थकों द्वारा किए गए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रदर्शन के दौरान अमर्यादित भाषा का प्रयोग

पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने कथित रूप से अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, जबकि घंटाघर पर लगे पोस्टर फाड़ने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वायरल वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आसपास के व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सरकारी भवनों में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जुटाई जा रही है, ताकि प्रदर्शन में शामिल लोगों की सटीक पहचान की जा सके।

कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई

क्षेत्राधिकारी सर्वंम सिंह ने बताया कि पूरे घटनाक्रम का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है। प्रदर्शन में मौजूद प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की जांच होगी। जो लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने पहुंचे थे, उन्हें अलग नजरिए से देखा जाएगा, लेकिन जिन लोगों ने कथित रूप से भड़काऊ नारे लगाए, पोस्टर फाड़े या कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया, उनके खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com