'किस बात की तनख्वाह लेते हो' फिरोजाबाद में सफाई व्यवस्था पर मेयर कामिनी राठौर और सफाईकर्मियों में तीखी बहस

Firozabad Mayor: फिरोजाबाद में सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान मेयर कामिनी राठौर और सफाईकर्मियों के बीच तीखी बहस हुई। कर्मचारियों ने संसाधनों की कमी का मुद्दा उठाया, जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है
Firozabad Mayor’s Heated Exchange with Sanitation Workers Over Cleanliness Goes Viral
मेयर कामिनी राठौर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Firozabad Mayor Kamini Rathore: फिरोजाबाद में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम प्रशासन और सफाईकर्मियों के बीच चल रही खींचतान उस समय खुलकर सामने आ गई, जब भाजपा की मेयर कामिनी राठौर शहर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने निकलीं। निरीक्षण के दौरान उनकी मुलाकात सफाईकर्मियों के यूनियन लीडर और कर्मचारियों से हुई, जहां सफाई व्यवस्था को लेकर तीखी बहस देखने को मिली।

"आखिर किस बात की तनख्वाह लेते हो?"

शहर में गंदगी और सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए मेयर कामिनी राठौर ने सफाईकर्मियों से सवाल किया, "आखिर किस बात की तनख्वाह लेते हो?" मेयर के इस सवाल के बाद मौके पर मौजूद सफाईकर्मियों में भी नाराजगी दिखाई दी और यूनियन लीडर ने तत्काल इसका जवाब दिया।

यूनियन लीडर ने कहा, "दीदी, इसका जवाब हमसे नहीं बल्कि अपने अधिकारियों से पूछिए। पिछले डेढ़ साल से सफाई कार्य के लिए कर्मचारियों को कोई आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। न तो झाड़ू मिली है, न पोंछा और न ही अन्य जरूरी उपकरण। सफाईकर्मी अपनी जेब से सामान खरीदकर शहर की सफाई करने को मजबूर हैं।"

सफाईकर्मियों ने सुनाई अपनी समस्याएं

यूनियन प्रतिनिधि का कहना था कि कई बार अधिकारियों के समक्ष यह समस्या उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। सफाईकर्मियों के अनुसार, संसाधनों की कमी के बावजूद कर्मचारी लगातार शहर को स्वच्छ रखने का प्रयास कर रहे हैं।

सफाईकर्मियों की समस्याएं सुनने के बाद मेयर का रुख भी कुछ नरम पड़ता दिखाई दिया और उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी लेने के संकेत दिए। इसके बाद वह निरीक्षण को आगे बढ़ाते हुए अन्य क्षेत्रों का जायजा लेने के लिए रवाना हो गईं।

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मेयर कामिनी राठौर और सफाईकर्मियों के यूनियन लीडर के बीच हुई बातचीत और बहस साफ तौर पर सुनी जा सकती है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों की ओर से तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com