

लक्ष्मी नगर कॉलोनी में जूते की फैक्ट्री में भीषण आग लगी
दीपावली के चलते फैक्ट्री दो दिन से बंद थी
दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
Agra Diwali Fire Incident: आगरा में दीपावली पर जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में एक जूते की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
जानकारी के मुताबिक, घटना लक्ष्मी नगर कॉलोनी स्थित जूते की फैक्ट्री की है। फैक्ट्री मालिक मनोज दो दिन पहले ही फैक्ट्री बंद करके घर चले गए थे। दीपावली त्योहार के चलते फैक्ट्री बंद थी। इसी दौरान अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री से धुएं के साथ ऊंची लपटें उठने लगीं।
फैक्ट्री से आग की लपटें उठती देखकर आसपास के लोग घबरा गए। इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। घटना की जानकारी मिलने पर फैक्ट्री मालिक मनोज भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। आग काफी भीषण थी, इसलिए उसे काबू करने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शुरुआती प्रयासों में आग पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका। वहीं, पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
फिलहाल फैक्ट्री में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आग बुझने के बाद ही इसकी सही वजह का पता चल सकेगा। वहीं, फैक्ट्री में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन भी आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद किया जाएगा।
दीपावली के त्योहार के बीच फैक्ट्री में आग लगने की घटना से इलाके में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।