अब बुजुर्गों तक सीमित नहीं रहा मोतियाबिंद, 40-50 की उम्र में भी पहुंच रहे मरीज, स्क्रीन टाईम से बढ़ रहा दबाव

Cataracts Patients 40–50 Age Arrived : बदलती जीवनशैली, मधुमेह और स्क्रीन टाइम का आंखों पर असर, मोतियाबिंद के ऑपरेशन कराने वालों में 30 प्रतिशत इसी आयु वर्ग के हैं जिनकी उम्र 40 से 50 वर्ष के बीच है।
Dr. Snigdha Sen, Head of the Department of Ophthalmology at SN Medical College and Hospital, Agra
आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ.स्निग्धा सेन (सोर्स : सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • मोतियाबिंद के मरीज करीब 30 प्रतिशत ऐसे हैं, जिनकी उम्र 40 से 50 वर्ष के बीच

  • 60 वर्ष की आयु पार करने के बाद करीब 80 प्रतिशत मरीजों में मोतियाबिंद

  • सर्दियों का मौसम मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए सुविधाजनक

30 Percent Patients Arriving Cataract Surgery 40-50 Years: आधुनिकता की दौड़ में मानव जीवन जितना तकनीक पर निर्भर होता जा रहा है, उतना ही उसका असर शरीर की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। युवा हों या बुजुर्ग, यहां तक कि बच्चे भी बदलती जीवनशैली के प्रभाव से अछूते नहीं हैं।

पढ़ाई से लेकर नौकरी और रोजमर्रा के कामकाज तक मोबाइल, कंप्यूटर और अन्य डिजिटल स्क्रीन पर बढ़ती निर्भरता ने आंखों की सेहत को लेकर नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। कभी बुजुर्गों की बीमारी माने जाने वाला मोतियाबिंद अब कम उम्र के लोगों को भी अपनी चपेट में ले रहा है।

सरकारी और निजी अस्पतालों में मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने पहुंच रहे मरीजों में करीब 30 प्रतिशत ऐसे हैं, जिनकी उम्र 40 से 50 वर्ष के बीच है। यह आंकड़ा आंखों की सेहत को लेकर बदलती परिस्थितियों की ओर गंभीर संकेत करता है।

स्क्रीन पर बढ़ती मौजूदगी के बीच आंखों पर बढ़ रहा दबाव

तकनीक ने जहां शिक्षा, चिकित्सा, शोध और रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा की हैं, वहीं लगातार स्क्रीन के सामने रहने की आदत आंखों की परेशानियों को भी बढ़ा रही है। विद्यार्थी पढ़ाई के लिए, युवा नौकरी और व्यवसाय के लिए तथा बुजुर्ग भी मनोरंजन और संपर्क के लिए लंबे समय तक डिजिटल उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

हालांकि मोतियाबिंद के कम उम्र में सामने आने के पीछे केवल स्क्रीन टाइम को जिम्मेदार नहीं माना जा सकता। मधुमेह, आंख में चोट और लंबे समय तक स्टेरायड का इस्तेमाल भी इसके प्रमुख कारणों में शामिल हैं।

एसएन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ.स्निग्धा सेन ने नव भारत से विशेष बातचीत में बताया कि 40 से 50 वर्ष की आयु के लोगों में भी मोतियाबिंद के मामले सामने आ रहे हैं। मधुमेह से पीड़ित लोगों में इसका खतरा बढ़ जाता है।

मधुमेह होने के आठ से दस वर्ष बाद मोतियाबिंद की आशंका अधिक हो जाती है। वहीं 60 वर्ष की आयु पार करने के बाद करीब 80 प्रतिशत मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या देखने को मिल रही है।

Dr. Snigdha Sen, Head of the Department of Ophthalmology at SN Medical College and Hospital, Agra
बच्चे की मौत के बाद फिर कटघरे में एसएन मेडिकल कॉलेज, बाबा बाल योगी ने अस्पताल की सुरक्षा पर उठाए सवाल

नवजात बच्चों में भी जन्मजात मोतियाबिंद की चुनौती

मोतियाबिंद का एक गंभीर पहलू नवजात बच्चों से भी जुड़ा है। कई बार बच्चे जन्म से ही इस बीमारी के साथ दुनिया में आते हैं। जन्मजात मोतियाबिंद की समस्या गर्भावस्था के दौरान ही विकसित हो जाती है और जन्म के बाद इसका पता चलता है।

डॉ.स्निग्धा सेन के मुताबिक, ऐसे मामलों में समय पर बीमारी की पहचान और उपचार बेहद जरूरी है। ऑपरेशन में देरी होने पर बच्चे की आंखों की रोशनी प्रभावित हो सकती है। इसलिए अभिभावकों को बच्चे में जन्मजात मोतियाबिंद की जानकारी मिलते ही विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क कर आवश्यक उपचार और ऑपरेशन में देरी नहीं करनी चाहिए।

आंकड़े बता रहे किस उम्र में कितना खतरा

मोतियाबिंद के मरीजों की आयु के आधार पर सामने आए आंकड़े भी इस बीमारी की बदलती तस्वीर को स्पष्ट करते हैं। जन्म के समय से ही जन्मजात मोतियाबिंद के करीब एक प्रतिशत मामले सामने आते हैं।

10 से 12 वर्ष की आयु में विकासात्मक मोतियाबिंद के मामले एक प्रतिशत से भी कम हैं। वहीं 40 से 50 वर्ष की आयु के मरीजों की हिस्सेदारी 30 प्रतिशत है। 50 से 60 वर्ष की आयु में यह आंकड़ा 40 प्रतिशत तक पहुंच रहा है, जबकि 60 वर्ष से अधिक आयु के मरीजों की हिस्सेदारी 28 प्रतिशत है।

सर्दियों में ऑपरेशन कराने में मरीजों को सुविधा

डॉ.स्निग्धा सेन ने बताया कि सर्दियों का मौसम मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिहाज से मरीजों के लिए सुविधाजनक रहता है। इस मौसम में पसीना कम आने के कारण ऑपरेशन के बाद मरीज को देखभाल और आराम में सहूलियत रहती है।

अब फेको की अत्याधुनिक तकनीक से मोतियाबिंद की सर्जरी की जा रही है, जिससे मरीजों को आधुनिक उपचार की सुविधा मिल रही है।कुल मिलाकर आंखों की बीमारी को केवल बढ़ती उम्र से जोड़कर देखना अब पर्याप्त नहीं है।

Dr. Snigdha Sen, Head of the Department of Ophthalmology at SN Medical College and Hospital, Agra
आगरा : मोहब्बत की निशानी ताजमहल बना बंदरों का ठिकाना, पर्यटकों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल