

Somnath Budget Travel Guide: आज प्रधानमंत्री Narendra Modi अपनी जन्मभूमि और कर्मभूमि गुजरात पहुंचे, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रधानमंत्री ने गुजरात पहुंचकर सबसे पहले Somnath Temple में दर्शन किए। सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पीएम मोदी ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।
अरब सागर के किनारे स्थित सोमनाथ ज्योतिर्लिंग भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में पहला ज्योतिर्लिंग माना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं के बीच भी सोमनाथ यात्रा को लेकर उत्साह बढ़ गया है। अगर आप भी सोमनाथ जाने का प्लान बना रहे हैं, तो कुछ आसान ट्रैवल टिप्स अपनाकर कम बजट में मंदिर दर्शन के साथ आसपास की खास जगहों को भी घूम सकते हैं।
सोमनाथ मंदिर पहुंचने का सबसे आसान और किफायती तरीका ट्रेन को माना जाता है। देश के कई बड़े शहरों से गुजरात के वेरावल रेलवे स्टेशन तक सीधी ट्रेन सुविधा उपलब्ध है। वेरावल स्टेशन से सोमनाथ मंदिर की दूरी करीब 7 किलोमीटर है। स्टेशन के बाहर से ऑटो, टैक्सी और शेयरिंग वाहन आसानी से मिल जाते हैं, जिनकी मदद से मंदिर तक पहुंचा जा सकता है।
Somnath Temple ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं के लिए धर्मशाला और कम बजट वाले कमरों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से भी कमरा बुक कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार, ट्रस्ट की ओर से उपलब्ध कमरों का किराया करीब 200 से 300 रुपये तक होता है, जिससे कम खर्च में आरामदायक ठहरने की सुविधा मिल जाती है।
सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को निशुल्क भोजन दिया जाता है। यह सुविधा सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक और शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक उपलब्ध रहती है। यही वजह है कि कम बजट में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह काफी मददगार साबित होती है।
त्रिवेणी संगम
त्रिवेणी संगम सोमनाथ का वह पवित्र स्थान माना जाता है, जहां हिरण, कपिला और सरस्वती नदियों का संगम होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यहां स्नान करना बेहद शुभ माना जाता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन और पूजा के लिए पहुंचते हैं।
बालका तीर्थ
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार यही वह स्थान है, जहां भगवान श्रीकृष्ण को शिकारी का बाण लगा था। यहां भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर स्थित है, जिसमें उनकी लेटी हुई प्रतिमा स्थापित की गई है।
सोमनाथ बीच
सोमनाथ बीच समुद्र के खूबसूरत नजारों और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध है। यहां शाम के समय सूर्यास्त का दृश्य बेहद आकर्षक दिखाई देता है। मंदिर दर्शन के बाद यहां समय बिताना पर्यटकों को काफी पसंद आता है।
सूरज मंदिर
सूर्य मंदिर अपनी प्राचीन वास्तुकला के लिए जाना जाता है। माना जाता है कि यह मंदिर कई सौ साल पुराना है और आज भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पंच पांडव गुफा
पौराणिक कथाओं के अनुसार पांडवों ने अपने वनवास के दौरान यहां कुछ समय बिताया था। गुफा तक पहुंचने के लिए सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं, जहां से अरब सागर का बेहद सुंदर दृश्य दिखाई देता है।