

नवभारत टेक डेस्क: WhatsApp यूजर्स को जल्द ही एक नया और बेहद उपयोगी फीचर मिलने वाला है। मेटा लगातार अपने इंस्टैंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर नए फीचर्स जोड़कर इसे और बेहतर बना रही है। हाल ही में Read Voice Message फीचर पेश किया गया था और अब कंपनी UPI Lite फीचर जोड़ने की तैयारी में है।
मेटा न केवल UPI Lite बल्कि बिल पेमेंट फीचर पर भी काम कर रही है। इन नए फीचर्स की मदद से WhatsApp, Google Pay, PhonePe और अन्य डिजिटल पेमेंट सेवाओं को कड़ी टक्कर दे सकता है। WhatsApp पहले से ही UPI पेमेंट सपोर्ट करता है, लेकिन अब रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म पर UPI Lite फीचर भी जोड़ा जा सकता है।
WhatsApp का UPI Lite पेमेंट ऑप्शन हाल ही में Android Authority द्वारा स्पॉट किया गया था। इस फीचर को WhatsApp Beta v2.25.5.17 वर्जन में देखा गया है, जो इस बात का संकेत देता है कि फिलहाल यह टेस्टिंग फेज में है।
चूंकि यह फीचर फिलहाल बीटा वर्जन में उपलब्ध है, इसलिए यह कहना मुश्किल है कि इसे स्टेबल वर्जन में कब तक रोलआउट किया जाएगा। हालांकि, बीटा टेस्टिंग के दौरान सामने आई जानकारी के मुताबिक, यह फीचर सर्वर बिजी रहने पर भी काम करेगा और इसकी फेल होने की संभावना बहुत कम होगी।
UPI Lite को पिछले साल लॉन्च किया गया था और यह UPI का एक एक्सटेंशन है, जिसे छोटे ट्रांजेक्शंस के लिए डिजाइन किया गया है। इस फीचर की खासियत यह है कि इसके लिए रियल-टाइम बैंकिंग सिस्टम की जरूरत नहीं होती, जिससे छोटे भुगतान आसानी से किए जा सकते हैं। टेक्नोलॉजी की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें
WhatsApp भारत में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाने वाला मैसेजिंग ऐप है, और डिजिटल पेमेंट की बढ़ती जरूरत को देखते हुए, UPI Lite फीचर इसे Google Pay, PhonePe और Paytm जैसे बड़े पेमेंट प्लेटफॉर्म्स का सीधा प्रतिद्वंद्वी बना सकता है।
जल्द ही, WhatsApp यूजर्स को बिना किसी ऑथेंटिकेशन के छोटे भुगतान करने की सुविधा मिलेगी, जिससे डिजिटल ट्रांजेक्शन और अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएंगे।