

ChatGPT Users in India: भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है और अब यह साफ हो गया है कि देश का कौन सा हिस्सा इस टेक्नोलॉजी को सबसे तेजी से अपना रहा है। हाल ही में OpenAI की एक नई स्टडी में खुलासा हुआ है कि भारत दुनिया के सबसे एडवांस्ड AI बाजारों में शामिल हो चुका है। कंपनी के मुताबिक, "भारत दुनिया भर में सबसे तेजी से बढ़ते AI बिल्डर इकोसिस्टम में से एक है" यह बयान दिखाता है कि देश में AI को लेकर लोगों की रुचि और उपयोग कितनी तेजी से बढ़ रहा है।
OpenAI ने बताया कि फरवरी 2026 में Codex लॉन्च होने के बाद AI टूल्स का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। सिर्फ दो हफ्तों में यूजर्स चार गुना तक बढ़ गए। Codex एक AI कोडिंग टूल है, जो डेवलपर्स और स्टूडेंट्स को कोडिंग और डेटा एनालिसिस में मदद करता है। रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय यूजर्स इन दोनों क्षेत्रों में सबसे आगे हैं, जो यह दर्शाता है कि देश में एडवांस टेक्नोलॉजी को तेजी से अपनाया जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में AI का इस्तेमाल करने वाले करीब 50% लोग टॉप 10 शहरों में रहते हैं। इनमें दिल्ली-NCR सबसे आगे है, जहां ChatGPT यूजर्स की संख्या सबसे ज्यादा है। हालांकि, सिर्फ बड़े शहर ही नहीं, बल्कि छोटे शहर और ग्रामीण इलाके भी अब AI को तेजी से अपना रहे हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे रोजमर्रा के क्षेत्रों में भी AI का इस्तेमाल बढ़ रहा है।
AI का सबसे ज्यादा उपयोग शिक्षा के क्षेत्र में देखा जा रहा है। खासकर पूर्वी राज्यों में इसका प्रभाव ज्यादा है। OpenAI ने बताया कि असम में ChatGPT को मिलने वाले कुल मैसेज में से 22% शिक्षा और सीखने से जुड़े होते हैं, जो राष्ट्रीय औसत से करीब 20% ज्यादा है। इसके अलावा ओडिशा, मणिपुर, त्रिपुरा और छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह का ट्रेंड देखने को मिल रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं में भी AI का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और केरल जैसे राज्यों में लोग हेल्थ से जुड़े सवाल ज्यादा पूछ रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में हर 10 में से 1 मैसेज स्वास्थ्य से जुड़ा होता है, जो इस बात का संकेत है कि लोग अब मेडिकल जानकारी के लिए भी AI पर भरोसा कर रहे हैं।
AI का यह तेजी से बढ़ता उपयोग मिडिल क्लास के लिए नए मौके लेकर आया है। चाहे पढ़ाई हो, नौकरी की तैयारी या बिजनेस AI हर क्षेत्र में मददगार साबित हो रहा है।