अब पढ़ना नहीं, सुनिए अपना डॉक्यूमेंट, Google का नया AI फीचर बदलेगा काम करने का तरीका

Google Audio Summaries: डॉक्यूमेंट पढ़ते-पढ़ते थक जाते हैं, तो आपके लिए बड़ी खबर है। Google ने अपने यूजर्स के लिए एक नया AI फीचर लॉन्च किया है, जो काम करने के तरीके को पूरी तरह बदल सकता है।
No more reading, just listen to your document; Google's new AI feature will change the way you work.
Google Docs AI (Source. AI)
Published on
Updated on

Google Docs AI Update: अगर आप लंबे-लंबे डॉक्यूमेंट पढ़ते-पढ़ते थक जाते हैं, तो आपके लिए बड़ी खबर है। Google ने अपने यूजर्स के लिए एक नया AI फीचर लॉन्च किया है, जो काम करने के तरीके को पूरी तरह बदल सकता है। अब गूगल डॉक्स में मौजूद फाइलों का छोटा और स्पष्ट ऑडियो सार सुना जा सकेगा वह भी इंसानी जैसी आवाज़ में। यह नया Audio Summaries फीचर Google Docs में जोड़ा गया है और यह Gemini AI पर आधारित है। फिलहाल यह सुविधा केवल पेड सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है।

Gemini AI तैयार करेगा इंसानी अंदाज़ में सार

गूगल के वर्कस्पेस ब्लॉग के अनुसार, यह फीचर सिर्फ टेक्स्ट को पढ़कर सुनाने वाला साधारण टूल नहीं है। Gemini AI पहले पूरे डॉक्यूमेंट को समझता है, फिर उसका अर्थपूर्ण और संक्षिप्त ऑडियो सार तैयार करता है। कंपनी का दावा है कि यह ऑडियो कुछ ही मिनटों का होता है और इसकी आवाज़ मशीन जैसी नहीं बल्कि स्वाभाविक, बोलचाल की शैली में होती है। इससे यूजर्स कम समय में ज्यादा जानकारी समझ सकते हैं खासतौर पर तब, जब वे मल्टीटास्किंग कर रहे हों।

NotebookLM से प्रेरित, मिलेंगे कई कंट्रोल

यह फीचर गूगल के पहले लॉन्च किए गए ऑडियो ओवरव्यू से प्रेरित है, जिसकी शुरुआत NotebookLM में हुई थी और बाद में Gemini ऐप में भी आया। Audio Summaries में यूजर्स को अलग-अलग वॉयस ऑप्शन मिलते हैं जैसे narrator, persuader और coach। साथ ही प्लेबैक स्पीड बदलने, आगे-पीछे स्किप करने जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। हालांकि कंपनी ने साफ तौर पर नहीं कहा है, लेकिन माना जा रहा है कि यह ऑडियो सार केवल डॉक्यूमेंट के अंदर मौजूद कंटेंट पर आधारित होगा और बाहर की कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं जोड़ेगा।

किन्हें मिलेगा फायदा?

यह सुविधा फिलहाल बिजनेस स्टैंडर्ड और प्लस, एंटरप्राइज स्टैंडर्ड और प्लस, Google AI Ultra for Business ऐड-ऑन, Google AI Pro for Education ऐड-ऑन, साथ ही Google AI Pro और Ultra सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध कराई जा रही है। खास बात यह है कि ऑर्गेनाइजेशन के लिए इस फीचर पर कोई अलग एडमिन कंट्रोल नहीं दिया गया है। यह अपडेट खासतौर पर प्रोफेशनल्स, कॉर्पोरेट कर्मचारियों और छात्रों के लिए बेहद उपयोगी हो सकता है, जो लंबी रिपोर्ट या रिसर्च को कम समय में समझना चाहते हैं।

क्या बदलेगा काम करने का तरीका?

अब मीटिंग की तैयारी हो या पढ़ाई का रिवीजन डॉक्यूमेंट पढ़ने की जगह उसे सुनना ज्यादा आसान हो सकता है। AI की यह नई पहल आने वाले समय में डिजिटल कामकाज को और स्मार्ट बना सकती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com