सबसे आकर्षक एम्पॉलयर ब्रांड की लिस्ट में माइक्रोसॉफ्ट ने मारी बाजी, TCS और अमेजन रहे पीछे

रैंडस्टैड एम्प्लायर ब्रांड रिसर्च (आरईबीआर)-2024 ने भारत के सबसे आकर्षक एम्पॉलयर ब्रांड को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है। जिसके अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट, टीसीएस और अमेजन इस सूची में टॉप पर रहे है।
Microsoft, TCS and Amazon India becomes most attractive employer brands
माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन ( सौजन्य : सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

नई दिल्ली : भारत के सबसे आकर्षक एम्पॉलयर ब्रांड को लेकर जारी होने वाली लिस्ट सामने आ गयी है। रैंडस्टैड एम्प्लायर ब्रांड रिसर्च (आरईबीआर)-2024 ने सबसे आकर्षक एम्पॉलयर ब्रांड को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया की सबसे बड़ी आईटी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट भारत का सबसे आकर्षक एम्पॉलयर ब्रांड बनकर उभरा है। साथ ही आपको बता दें कि इस सूची में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) दूसरे स्थान पर रहा है। ई-कॉमर्स शॉपिंग साइट अमेजन का इस सूची में तीसरा स्थान रहा है।

सर्वेक्षण रिपोर्ट में कहा गया कि माइक्रोसॉफ्ट ने वित्तीय स्वास्थ्य, अच्छी प्रतिष्ठा और करियर में प्रगति के अवसरों पर बहुत ऊंचा स्कोर हासिल किया है। ये तीन कंपनियों में कर्मचारियों के मूल्य की दृष्टि से प्रमुख कारक (ईवीपी) हैं। शीर्ष 10 सबसे आकर्षक नियोक्ता ब्रांड में चौथे स्थान पर टाटा पावर कंपनी और इसके बाद क्रमश: टाटा मोटर्स, सैमसंग इंडिया, इन्फोसिस, लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज और मर्सिडीज-बेंज हैं।

प्रतिभा अधिग्रहण रणनीतियों पर पुनर्विचार करने की आवश्यकता

आरईबीआर-2024 एक स्वतंत्र सर्वेक्षण है, जिसमें भारत के 3,507 लोगों सहित दुनियाभर लगभग 1,73,000 लोगों और 6,083 कंपनियों की प्रतिक्रियाएं ली गईं। रैंडस्टैड इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विश्वनाथ पीएस ने कहा, “इस वर्ष के आंकड़ों से निकले निष्कर्ष कार्यबल की बदलती अपेक्षाओं को दर्शाते हैं। चूंकि प्रतिभाएं कार्य-जीवन संतुलन और समानता को प्राथमिकता दे रही हैं, इसलिए संगठनों को अपनी प्रतिभा अधिग्रहण रणनीतियों पर पुनर्विचार करने की आवश्यकता है।”

करियर में प्रगति के पर्याप्त अवसर

इस वर्ष की रिपोर्ट के निष्कर्ष बताते हैं कि नौकरी बदलने की प्रवृत्ति पिछले वर्ष से स्थिर हुई है। हालांकि, नियोक्ताओं को अब भी शीर्ष प्रतिभाओं को बनाए रखने के लिए कार्य-जीवन संतुलन, करियर में प्रगति के पर्याप्त अवसर और एक जुझारू और अनुकूल वातावरण के साथ एक समग्र लाभ पैकेज की पेशकश करने की आवश्यकता है।

एआई का ज्यादा से ज्यादा उपयोग

इसके अलावा, यह देखना उत्साहजनक है कि अधिकांश कार्यबल को अपने नियोक्ताओं से महंगाई को देखते हुए भी कुछ न कुछ अतिरिक्त लाभ दिया गया है। निष्कर्षों से यह भी पता चलता है कि प्रतिभाएं अपने काम में कृत्रिम मेधा (एआई) का उपयोग ज्यादा से ज्यादा करना चाहती हैं।

( एजेंसी इनपुट के साथ )

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com