

Meta Muse Gadgets: Meta ने अपने AI एजेंट Muse को सिर्फ एक चैटबॉट या डिजिटल असिस्टेंट तक सीमित रखने के बजाय अब इसे DIY हार्डवेयर की दुनिया में पहुंचाने की तैयारी कर ली है। बता दें कि कंपनी ने Muse Gadgets नाम का नया ओपन-सोर्स प्रोजेक्ट पेश किया है जिसकी मदद से डेवलपर्स और टेक्नोलॉजी एक्सपेरिमेंट करने वाले यूजर्स अपना खुद का Muse-सक्षम गैजेट बना सकते हैं।
Muse Gadgets के बारे में बताए तो इसके तहत Meta ने ESP32 के लिए ओपन-सोर्स फर्मवेयर और Linux आधारित कंप्यूटर के लिए Software Development Kit (SDK) उपलब्ध कराया है। जिसको आसान भाषा में कहें तो SDK ऐसे टूल्स का पैकेज है जिससे डेवलपर्स अपने हार्डवेयर को Muse के साथ काम करने लायक बना सकते हैं। वहीं Meta ने इसको लेकर जानकारी दी है कि यूजर्स ESP32 बोर्ड या Raspberry Pi जैसे Linux कंप्यूटर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके साथ डिस्प्ले, बटन, सेंसर और दूसरे हार्डवेयर जोड़े जा सकते हैं। वहीं कंपनी ने शुरुआत के लिए कुछ प्रोजेक्ट आइडिया भी दिए हैं जैसे Muse को कलर E-Ink डिस्प्ले पर चलाना या HDMI के जरिए टीवी से जोड़ना।
Meta ने खुद भी Muse Home Link नाम का एक छोटा USB-C डिवाइस बनाया है। इसका काम Muse को घर के Wi-Fi नेटवर्क से जोड़ना है ताकि सेटअप के आधार पर AI एजेंट स्मार्ट टीवी, स्पीकर, लाइट और दूसरे ऐसे डिवाइस से बातचीत कर सके जो लोकल नेटवर्क या API के जरिए कनेक्ट हो सकते हैं। वहीं Meta की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक Home Link अमेरिका में एक्टिव Muse सब्सक्राइबर्स के लिए मुफ्त है और एक सब्सक्राइबर को एक डिवाइस मिल सकता है। वहीं कंपनी ने इसकी 5,000 यूनिट तैयार की हैं और इन्हें सीमित उपलब्धता के आधार पर भेजा जाएगा।
जानकारी में यह भी बताया जा रहा है कि Muse Gadgets का फोकस आम यूजर्स के लिए कोई नया स्मार्टफोन या स्मार्ट स्पीकर लॉन्च करना नहीं है। इसका उद्देश्य डेवलपर्स और हार्डवेयर के साथ प्रयोग करने वाले लोगों को Muse के साथ नए तरह के डिवाइस बनाने का मौका देना है। वहीं Meta ने इसके लिए कम्युनिटी सपोर्ट के तौर पर Discord चैनल भी शुरू किया है। जिसमें कंपनी का यह कदम Muse को अलग-अलग हार्डवेयर और स्मार्ट-होम सेटअप से जोड़ने वाले एक बड़े इकोसिस्टम की दिशा में है। लेकिन DIY गैजेट बनाने वालों को हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर सेटअप खुद संभालना होगा।