मुकेश अंबानी ने किया दावा, भारत बना दुनिया का सबसे बड़ा इंटरनेट मार्केट

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने भारतीय बाजार को दुनिया का सबसे बड़ा इंटरनेट मार्केट बताया है। साथ ही उन्होंने ये भी बताया है कि जियो एयरफाइबर का लक्ष्य हर 30 दिनों में 10 लाख घरों को जोड़ कर रिकॉर्ड 10 करोड़ घरों तक पहुंचना है।
Jio becomes the worlds largest mobile internet company
जियो ( सौजन्य : सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 
नई दिल्ली : आज रिलायंस समूह की 47वीं वार्षिक आम बैठक का आयोजन किया गया था। जिसे संबोधित करते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कई बड़ी बातें सामने रखी है। मुकेश अंबानी ने भारत के बारे में दावा करते हुए कहा है कि हमारा देश अब दुनिया का सबसे बड़ा इंटरनेट मार्केट बन गया है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा है कि जियो अपने 49 करोड़ ग्राहकों के साथ ग्लोबल मोबाइल इंटरनेट कंपनी बन गयी है।
रिलायंस जियो के ग्राहक औसतन प्रति माह 30 जीबी से अधिक डेटा (इंटरनेट) का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. (आरआईएल) की 47वीं वार्षिक आम बैठक में कहा कि भारत अब दुनिया का सबसे बड़ा डेटा बाजार है, जिसमें जियो ने वैश्विक ट्रैफिक में लगभग आठ प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर ली है और प्रमुख वैश्विक कंपनियों को पीछे छोड़ दिया है।

30 जीबी डेटा का इस्तेमाल कर रहे ग्राहक

अंबानी ने कहा, “जियो के कारण भारत अब दुनिया का सबसे बड़ा डेटा बाजार बन गया है। आज, जियो वैश्विक मोबाइल ट्रैफिक का लगभग आठ प्रतिशत वहन करता है, जो विकसित बाजारों सहित प्रमुख वैश्विक कंपनियों से भी आगे है।” उन्होंने कहा कि जियो के ग्राहक औसतन हर महीने 30 जीबी से ज्यादा डेटा इस्तेमाल कर रहे हैं।

जियो एयरफाइबर का लक्ष्य

अंबानी ने कहा, “जियो की शुरुआत को सिर्फ आठ साल हुए हैं और आठ साल में जियो दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल डेटा कंपनी बन गई है।” उन्होंने कहा, “ डिजिटल होम सर्विस के मामले में भी जियो दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है। जियो तीन करोड़ से अधिक घरों में डिजिटल सेवा देती है। जियो एयरफाइबर का लक्ष्य हर 30 दिनों में 10 लाख घरों को जोड़ कर रिकॉर्ड 10 करोड़ घरों तक पहुंचना है।”

20 करोड़ से अधिक 2जी उपयोगकर्ता

अंबानी ने कहा कि जियो ने 5जी और 6जी प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में 350 पेटेंट आवेदन किए हैं। मुकेश अंबानी ने 2जी ग्राहकों को 4जी में लाने की योजना पेश करते हुए कहा, “जैसे-जैसे 5जी फोन किफायती होते जाएंगे, जियो के नेटवर्क पर 5जी अपनाने की गति बढ़ेगी, जिससे डेटा खपत में और वृद्धि होगी। जैसे-जैसे अधिक उपयोगकर्ता 5जी नेटवर्क की ओर बढ़ेंगे, हमारे 4जी नेटवर्क की क्षमता बढ़ती जाएगी। इससे जियो भारत में 20 करोड़ से अधिक 2जी उपयोगकर्ताओं को अपने 4जी परिवार में शामिल करने की स्थिति में होगा।”
( एजेंसी इनपुट के साथ )