

नवभारत टेक डेस्क: पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में छिपे आतंकियों के 9 ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई में राफेल फाइटर जेट से SCALP और HAMMER मिसाइल दागी गईं, जिनकी मारक क्षमता और तकनीकी दक्षता ने इस ऑपरेशन को बेहद सफल बना दिया।
SCALP एक लॉन्ग-रेंज क्रूज़ मिसाइल है जिसकी रेंज रिपोर्ट्स के मुताबिक 300 से 560 किलोमीटर तक हो सकती है। यह मिसाइल दुश्मन के ठिकाने पर सटीक निशाना लगाने और उसे पूरी तरह नष्ट करने के लिए जानी जाती है। इसमें एडवांस GPS और Inertial Navigation System का इस्तेमाल होता है। इसके अलावा इसमें इंफ्रारेड कैमरा भी होता है जो टारगेट की वास्तविक छवि को पहले से मौजूद तस्वीरों से मैच करता है। जैसे ही मैचिंग कन्फर्म होती है, मिसाइल लक्ष्य को लॉक कर हमला कर देती है।
HAMMER मिसाइल एक मॉड्यूलर प्रिसिजन गाइडेड बम है जो लगभग 70 किलोमीटर तक की दूरी तक दुश्मन पर सटीक हमला कर सकती है। यह मिसाइल राफेल और LCA तेजस जैसे फाइटर जेट्स में इस्तेमाल की जा सकती है। इसमें INS और GPS नेविगेशन, इंफ्रारेड सेंसर, और लेजर गाइडेंस तकनीक का इस्तेमाल होता है, जिससे यह न केवल स्थिर बल्कि चलते हुए टारगेट को भी सफलतापूर्वक नष्ट कर सकती है।
राफेल की गति 2202 किलोमीटर प्रति घंटा है और इसकी ऑपरेशनल रेंज 3700 किलोमीटर तक है, जो इसे लंबी दूरी के मिशनों के लिए बेहद प्रभावशाली बनाती है। इसमें लगा AESA रडार (Active Electronically Scanned Array) लंबी दूरी तक टारगेट को पहचानने और ट्रैक करने में सक्षम है। टेक्नोलॉजी की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें
भारत की यह कार्रवाई न सिर्फ बदला है, बल्कि यह संदेश भी है कि आतंक के खिलाफ अब भारत रक्षात्मक नहीं, आक्रामक नीति अपनाएगा। टेक्नोलॉजी के दम पर भारत की सैन्य शक्ति अब हर मोर्चे पर तैयार है।