

India-US 6G Partnership: अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने सोमवार को बताया कि भारत, अगली पीढ़ी के 6G दूरसंचार नेटवर्क के विकास और परिनियोजन को गाइड करने के लिए एक वैश्विक पहल में अमेरिका और 24 दूसरे देशों के साथ शामिल हो गया है। वाणिज्य विभाग ने कहा कि हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि भारत हमारे साथ मिलकर 6G में प्रतिस्पर्धा को मजबूत करना और नवाचार को बढ़ावा देगा।
वाणिज्य विभाग ने सोशल मीडिया पर प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह समझौता G20 नवाचार मंत्रिस्तरीय बैठक के दौरान अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक और भारतीय केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के बीच हुई द्विपक्षीय बैठक दौरान हुआ। इस दौरान भारत ने 6G दूरसंचार नेटवर्क के विकास और परिनियोजन के वैश्विक पहल में शामिल हो गया।
अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने कहा कि, लुटनिक ने G20 नवाचार मंत्रिस्तरीय के दौरान भारत के वाणिज्य राज्य मंत्री जितिन प्रसाद से 6G के भविष्य पर चर्चा की। हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत, अमेरिका और 24 दूसरे देशों के साथ इस कोशिश में शामिल हो गया है कि अगली पीढ़ी के नेटवर्क हमारे साझा सुरक्षा हितों के अनुरूप हों, हमारी प्रतिस्पर्धा को मजबूत करेंग और 6G में नवाचार को बढ़ावा देंगे।
वाणिज्य विभाग आगे बताया कि, यह तब हुआ जब वाणिज्य राज्य मंत्री (MoS) जितिन प्रसाद ने 1 और 2 सितंबर को अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना के चैपल हिल में हुई G20 इनोवेशन मिनिस्टर्स की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। इस बैठक को अमेरिकी वाणिज्य विभाग और व्हाइट हाउस के विज्ञान और प्रौद्योगिकी नीति कार्यालय (OSTP) ने आयोजित किया था।
इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के मुताबिक, जितिन प्रसाद के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के संयुक्त सचिव अजीत कुमार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (DST) और उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अमेरिका में भारतीय दूतावास के अधिकारी भी थे।
मंत्रियों की बैठक के आखिर में, G20 मंत्रियों ने इनोवेशन मिनिस्ट्रियल स्टेटमेंट जारी किया, जिसमें माना गया कि उभरती तकनीकों में हमारे सभी लोगों के लिए खुशहाली लाने, उत्पादकता बढ़ाने और मौके बढ़ाने की क्षमता है।
G20 मंत्रिस्तरीय बैठक के दौरान, प्रसाद ने कई द्विपक्षीय बातचीत की। अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक के साथ द्विपक्षीय चर्चा में दोनों पक्षों ने सेमीकंडक्टर, AI और डेटा सेंटर्स में सहयोग को मजबूत करने पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
बैठक के दौरान, जितिन प्रसाद ने SM2.0 में और अधिक अमेरिकी निवेश की संभावना को भी बढ़ावा दिया, AI टेक्नोलॉजी साझेदारी को मजबूत करने का प्रस्ताव रखा और AI के लिए सुरक्षा के लिए एक तंत्र साझा किया।
प्रसाद ने एक्स पर कहा, सेमीकंडक्टर और AI डेटा सेंटर्स ये भारत जैसी उभरती डिजिटल इकॉनमी के जरूरी बिल्डिंग ब्लॉक्स हैं। उन्होंने आगे कहा कि दोनों पक्षों ने व्यावहारिक सहयोग को गहरा करने के तरीकों पर विचार किया।
उन्होंने आगे कहा, अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक के साथ द्विपक्षीय चर्चा में हमने इन क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने और भारत और अमेरिका के बीच तकनीकी से जुड़े मौकों को आगे बढ़ाने पर विचारों का आदान-प्रदान किया। अच्छी मेहमाननवाजी के लिए अमेरिकी G20 अध्यक्षता को धन्यवाद दिया।