

नई दिल्ली: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार 30 दिसंबर को कर्नाटक के मांड्या में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और जेडीएस पर निशाना साधते हुए उन्हें भ्रष्ट और 'परिवारवादी' पार्टी बताया।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि, मैंने 2018 के चुनाव की शुरुआत इसी जिले से की थी। यहां से एक मुट्ठी अनाज मांगकर कांग्रेस शासन के दौरान जिन किसानों के साथ अन्याय हुआ था, बीजेपी ने उन्हें न्याय दिलाने की शपथ ली थी। कर्नाटक की जनता ने हमें सबसे बड़ी पार्टी बनाकर यहां सरकार बनाने का मौका दिया।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, हमने जेडीएस और कांग्रेस का शासन देखा है। कांग्रेस के शासन में, कर्नाटक दिल्ली के लिए ATM बन जाता है और जेडीएस शासन में, कर्नाटक एक परिवार के लिए ATM बन जाता है। दोनों ने हमेशा भ्रष्टाचार के माध्यम से इस भूमि के विकास को अवरुद्ध किया है। गौरतलब है कि, हाल ही में कर्नाटक कांग्रेस ने सीएम बसवराज बोम्मई पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था और राज्य में PayCM कैंपेन चलाया था। जेडीएस और कांग्रेस को बताया भ्रष्ट
इस दौरान अमित शाह ने 3C का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, जेडीएस और कांग्रेस, दोनों भ्रष्ट (Corrupt), अपराधी (Criminal) और सांप्रदायिक (Communal) है। भारतीय जनता पार्टी की सत्ता आने के बाद कर्नाटक पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास की छलांग लगाएगा। इससे पहले, गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी कि, 'मैं कर्नाटक के अपने दो दिवसीय दौरे पर बेंगलुरु पहुंच गया हूं। एक जनसभा में मांड्या के लोगों के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं।'