एक भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से न हो वंचित: श्रीकान्त शर्मा

Shrikant Sharma
Published on: 
Updated on: 

लखनऊः ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री श्रीकान्त शर्मा (Shrikant Sharma) ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उपभोक्ता हित में एकमुश्त समाधान योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी डिस्कॉम (Discom) के प्रबंध निदेशकों को निर्देशित किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि योजना (Scheme) के सभी पात्र लाभार्थी उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी हो जाए। विभागीय अधिकारी डोर नॉक करके यह जानकारी अवश्य उन्हें दे दें। एक भी लाभार्थी इस जनकल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित न रहें। 

ऊर्जा मंत्री ने योजना की जमीनी जानकारी के लिए किए गए पूर्व के औचक निरीक्षणों का जिक्र करते हुए कमियों पर अधिकारियों के प्रति नाराजगी भी जाहिर की। कहा कि योजना शुरू हुए एक सप्ताह हो चुके हैं, लेकिन अभी तक सभी उपभोक्ताओं को विभागीय कार्मिकों द्वारा इसकी जानकारी व्यक्तिगत रूप से नहीं दी जा सकी है, यह किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने यूपीपीसीएल के अध्यक्ष को निर्देशित किया कि सभी पात्र उपभोक्ताओं के दरवाजे तक विभागीय अधिकारी जरूर पहुंचे। 

एमडी और डायरेक्टर उपकेंद्रों का औचक निरीक्षण करें

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी डिस्कॉम के एमडी और डायरेक्टर उपकेंद्रों का औचक निरीक्षण करें। योजना की प्रगति के संबंध में जानकारी करें, स्वयं उपभोक्ताओं के दरवाजे पर जाकर डोर नॉक करें, जिससे शत प्रतिशत उपभोक्ता योजना का लाभ ले सकें। उन्होंने निर्देशित किया कि जहां भी त्रुटिपूर्ण बिल संबंधी शिकायत आई है, उसका निपटारा भी तत्काल हो जाए। सभी डिस्कॉम एमडी अपने स्तर से इसकी समीक्षा करें और यूपीपीसीएल अध्यक्ष इसकी सघन निगरानी करें।  ऊर्जा मंत्री ने आपूर्ति के संबंध में भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए महंगी बिजली खरीद रही है। उसका सभी को लाभ मिले, रोस्टर के अनुरूप सभी को निर्बाध बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित हो यूपीपीसीएल अध्यक्ष स्वयं इसकी नियमित समीक्षा करते रहें।

Navbharat Live
navbharatlive.com