मेघालय: पूर्व ग्राम प्रधान के घर में आगज़नी के मामले में 13 गिरफ्तार

girftar
Published on: 
Updated on: 

शिलांग: मेघालय में पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में एक पूर्व ग्राम प्रधान के घर को आग लगाने के आरोप में कम से कम 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आठ मार्च को रात करीब पौने 11 बजे रिंबाई इवापिनसिन गांव के पूर्व प्रधान के घर को कुछ लोगों ने कथित रूप से आग लगा दी जिससे संपत्ति को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जगपाल सिंह ने पीटीआई-भाषा से कहा कि लोगों ने एक आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि घर को आग लगाने से पहले मेघालय ऊर्जा निगम (एमईईसीएल) के नियंत्रण कक्ष में काम करने वाले एक शख्स ने बिजली काट दी थी।

एसपी ने कहा, “ अब तक हमने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनमें एमईईसीएल के तीन कर्मचारी शामिल हैं जिन्हें अपराध में उनकी संलिप्तता के लिए पकड़ा गया है।” सिंह ने कहा कि पुलिस उन परिस्थितियों की जांच कर रही है जिसकी वजह से इस जुर्म को अंजाम दिया गया है। (एजेंसी)

Navbharat Live
navbharatlive.com