उद्धव ठाकरे बालासाहेब की विचारधारा के 'गद्दार' हैं, CM एकनाथ शिंदे का बड़ा आरोप

Eknath Shinde
PTI Photo
Published on: 
Updated on: 

मुंबई. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने शिवसेना (Shiv Sena) के 57वें स्थापना दिवस के अवसर पर उद्धव ठाकरे पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने उद्धव ठाकरे को बालासाहेब की विचारधारा का 'गद्दार' करार दिया। शिंदे सोमवार को उपनगरीय गोरेगांव के नेस्को कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।

एकनाथ शिंदे ने कहा, "आज हम यहां शिवसेना स्थापना दिवस मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं। मैं समर्थन के लिए आप सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं। हमने पिछले साल एक क्रांति शुरू की। हमने जो एक साल पहले किया था, उसे करने के लिए टाइगर के साहस की जरूरत है।"

सीएम शिंदे ने उद्धव ठाकरे बालासाहेब की विचारधारा का गद्दार बताते हुए कहा कहा, "मैं सीएम बनने के बाद नहीं बदला हूं। उन्होंने (उद्धव ठाकरे ने) कहा कि वे 20 जून को 'देशद्रोही दिवस' मनाएंगे लेकिन वे बालासाहेब की विचारधारा के 'गद्दार' हैं। उन्होंने महा विकास अघाड़ी सरकार बनाने के लिए कांग्रेस और एनसीपी के साथ गठबंधन किया। वोटरों को धोखा देने वालों को सहानुभूति नहीं मिलेगी। हमने धनुष-बाण और शिवसेना के नाम को बचाया। हमारी सरकार लोगों के कल्याण के लिए काम कर रही है।"

गौरतलब है कि शिवसेना में विभाजन और पिछले साल ठाकरे नीत सरकार गिरने के बाद शिंदे द्वारा संबोधित यह पार्टी का पहला स्थापना दिवस कार्यक्रम था।