शरद पवार को फिर मिली जान से मारने की धमकी, कॉल कर कहा- देशी कट्टे से करेगा 'काम तमाम'

pawar
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली/मुंबई.  महाराष्ट्र (Maharashtra) से मिली एक खबर के अनुसार, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार (Sharad Pawar) को एक बार फिर से जान से मारने की धमकी मिली है। मिली जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात शख्स ने शरद पवार के घर सिल्वर ओक पर फोन कर पूर्व रक्षा मंत्री को जान से मारने की धमकी दी है। बताया जा रहा है कि, उसने कॉल कर यह भी कहा है कि वो मुंबई आकार देशी कट्टे से उन्हें जान से मार देगा।

वहीं सूत्रों ने जानकारी दी कि, फोन करने वाले शख्स ने यह धमकी हिंदी में दी और बंगले पर पोस्टेड पुलिस ऑपरेटर की शिकायत पर मुंबई के गामदेवी पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है।

गौरतलब है कि बीते मई महीने में भी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अध्यक्ष शरद पवार (Sharad Pawar) को सोशल मीडिया पर ‘मौत की धमकी’ मिली थी, जिसे लेकर तत्कालीन महा विकास अघाड़ी सरकार में हड़कंप मच गया था। दरअसल तब NCP सुप्रीमो पवार का जिक्र करते हुए मराठी में 11 मई की दी गयी धमकी में कहा गया था कि, “बारामती के ‘गांधी’ और बारामती के लिए नाथूराम गोडसे तैयार करने का समय आ गया है।” 

यह ट्वीट किसी निखिल भामरे द्वारा पोस्ट किया गया था, जिसमें यह भी लिखा था, “बारामती अंकल, क्षमा करें।”हालांकि जिस संदर्भ में धमकियां जारी की गई थीं, वह स्पष्ट नहीं हुआ था, लेकिन फिर भी इसे लाइक किया गया था और कई लोगों द्वारा ट्वीट किया गया था।