MP में भारी से भारी बारिश की संभावना; आठ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

heavy rain
File Photo
Published on: 
Updated on: 

भोपाल: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मध्य प्रदेश के आठ जिलों में अगले 24 घंटों में भारी और बहुत भारी बारिश के अनुमान के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट और 22 जिलों में मूसलाधार बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में अगले 24 घंटों में (सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे से मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक) कहीं-कहीं पर अत्यधिक बारिश (205.4 मिलीमीटर से अधिक) एवं गरज के साथ बारिश होने की संभावना है और इसके मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं, आईएमडी ने प्रदेश के सात जिलों बुरहानपुर, सागर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा में अगले 24 घंटों में (सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे से मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक) कहीं-कहीं पर बहुत भारी बारिश (115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक) एवं बिजली गिरने के अनुमान के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी ने इस दौरान भोपाल, इंदौर एवं जबलपुर सहित राज्य के 22 जिलों में कहीं-कहीं पर भारी वर्षा (64.5 मिलीमीटर से 115.6 मिलीमीटर तक) को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे मध्य प्रदेश में पहुंच चुका है। विभाग ने चेतावनी दी है कि मानसूनी गतिविधियों के कारण राज्य में गरज चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाओं में भी वृद्धि हो सकती है।

आईएमडी के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान (रविवार सुबह साढ़े आठ बजे से सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक) प्रदेश के भोपाल, जबलपुर एवं शहडोल संभागों के जिलों में अधिकांश स्थानों पर, उज्जैन, नर्मदापुरम, चंबल, ग्वालियर एवं सागर संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर, रीवा संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर और इंदौर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं पर वर्षा हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में (रविवार सुबह साढ़े आठ बजे से सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक) मध्य प्रदेश के बैतूल में 12 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि जावरा, बमोरी, पाली, पठारी एवं पोरसा में नौ-नौ सेंटीमीटर और पिपरिया, गैरतगांग, बैरागढ़, नौरोजाबाद, गाडरवारा, जयसिंहनगर एवं माडा में आठ-आठ सेंटीमीटर वर्षा हुई है। (एजेंसी)