MP: नीमच में गजब गुंडागर्दी! पुलिस अफसर की रिवॉल्वर छीन उसकी जांघ में मारी गोली, आरोपी फरार

Crime
File Photo
Published on: 
Updated on: 

नीमच, लूट के एक मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों ने मध्य प्रदेश से राजस्थान ले जाते समय एक पुलिसकर्मी की रिवॉल्वर छीन ली और उसकी जांघ में गोली मारकर फरार हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा सदर थाने के उपनिरीक्षक नानूराम गहलोत का उदयपुर के एक अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश के रतलाम रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के अनुसार, राजस्थान पुलिस ने डकैती के एक मामले में वांछित तीन आरोपियों-लखन बावरी, नरेंद्र बावरी और दीपक बावरी को बुधवार को मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से गिरफ्तार किया था।

सिंह ने बताया कि राजस्थान पुलिस तीनों आरोपियों को जीप में लेकर बुधवार रात अपने गृह राज्य की ओर रवाना हो गई। उन्होंने बताया कि जब वाहन राजस्थान की सीमा के पास नीमच शहर पुलिस थाना क्षेत्र से गुजर रहा था, तो तीनों आरोपियों ने गहलोत पर काबू पा लिया और उनकी सर्विस रिवॉल्वर छीन ली।

सिंह के मुताबिक, आरोपियों ने अंधेरे में भागने से पहले गेहलोत की जांघ में गोली मार दी। उन्होंने कहा कि तीनों आरोपियों को फिर से गिरफ्तार करने के लिए कई पुलिस दल गठित किए गए हैं और इनकी सूचना देने वाले व्यक्ति को तीस हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।