महाराष्ट्र की सांप्रदायिक हिंसा कुछ राजनीतिक पार्टियों की साजिश की ‘‘टूल किट'' का हिस्सा : मुनगंटीवार

Maharashtra communal violence part of conspiracy tool kit of some political partie Sudhir Mungantiwar
Published on: 
Updated on: 

इंदौर: महाराष्ट्र (Maharashtra) के सांस्कृतिक कार्य मंत्री सुधीर मुनगंटीवार (Sudhir Mungantiwar) ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि अहमदनगर (Ahmednagar) और कोल्हापुर (Kolhapur) में सामने आईं सांप्रदायिक (Communal Violence) घटनाएं कुछ ऐसी राजनीतिक पार्टियों की साजिश की ‘‘टूल किट'' का हिस्सा हैं जो विकास के रास्ते से सत्ता तक पहुंचने में खुद को नाकाबिल मानती हैं।

मुनगंटीवार का यह बयान अहमदनगर में एक जुलूस के दौरान 17वीं शताब्दी के मुगल बादशाह औरंगजेब की तस्वीर लहराए जाने तथा कोल्हापुर में कुछ स्थानीय लोगों द्वारा कथित तौर पर टीपू सुल्तान की तस्वीर तथा आपत्तिजनक ऑडियो संदेश सोशल मीडिया “स्टेटस” पर पोस्ट किए जाने को लेकर सामने आईं हालिया घटनाओं की पृष्ठभूमि में आया है।

भाजपा के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने इंदौर आए मुनगंटीवार ने अहमदनगर और कोल्हापुर की सांप्रदायिक घटनाओं पर संवाददाताओं से कहा,‘‘ये घटनाएं कुछ राजनीतिक पार्टियों की साजिश की टूल किट का हिस्सा हैं। इन दलों को लगता है कि वे विकास के मार्ग पर चलकर सत्ता की कुर्सी तक नहीं पहुंच सकते।''

उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में सामने आईं सांप्रदायिक घटनाओं के लिए वे राजनीतिक दल जिम्मेदार हैं जो सत्ता और वोट बैंक के प्रेम में "औरंगजेब जैसे अत्याचारी शासक" को महिमामंडित करते हैं। (एजेंसी)